बेटे ने कमरे में कर लिया था कुछ ऐसा, मां ने देखा तो पैरों तले खिसक गई जमीन

Sunday, Jun 20, 2021 - 06:28 PM (IST)

घुमारवीं (कुलवंत): पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पट्टा में एक 25 वर्षीय युवक ने फं दा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रशांत कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि प्रशांत कुमार कुछ दिनों से डिप्रैशन में था। मृतक के पिता हिमाचल पुलिस में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार बीती रात प्रशांत कुमार खाना खाने के उपरांत सोने के लिए अपने कमरे में चला गया।

जब उसकी माता रात करीब अढ़ाई बजे उठी तो देखा कि उसके बेटे के कमरे की लाइट जली हुई है। उसकी माता ने खिड़की से झांक कर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटा पंखे के साथ फंदे पर लटका हुआ था। इस घटना की सूचना पुलिस थाना घुमारवीं को दी गई। घुमारवीं पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची तथा ग्राम पंचायत पट्टा के प्रधान रवि ठाकुर व उपप्रधान मनोज कुमार को तफ्तीश में शामिल किया।

पुलिस की जांच में मृतक युवक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं पाया गया। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या के लिए प्लास्टिक के ड्रम का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने मौके से एक रस्सी भी बरामद की है, जिसके साथ युवक ने फंदा लगाया था। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने बताया है कि युवक कुछ समय से डिप्रैशन में चल रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस धारा 174 के तहत छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

Content Writer

Vijay