जब लड़की की मां और भाइयों ने मजनूं को पीट-पीट कर दिया बेहोश

Tuesday, Mar 12, 2019 - 11:18 PM (IST)

हमीरपुर: मंगलवार को हमीरपुर शहर के मुख्य बाजार में दोपहर बाद बाल स्कूल के खेल मैदान के गेट के बाहर एक प्रवासी औरत एक लड़के को गले से पकड़कर घसीटते हुए लाई। जैसे ही प्रवासी औरत लड़के को गले से पकड़कर बाल स्कूल के गेट के पास लाई तो उस औरत के बेटों ने उक्त लड़के को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लड़के की खूब धुनाई हुई और लड़के के मुंह से खून निकलने लगा, जिससे वह बेहोश हो गया। कमल ताज होटल के बाहर के दुकानदारों व रेहड़ी मार्कीट के दुकानदारों ने लड़के के साथ मारपीट कर रही औरत और उसके बेटों को छुड़ाया लेकिन इसके बावजूद औरत और उसके बेटे बेहोश पड़े लड़के को मार रहे थे। इस दौरान लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद मारपीट करने वाली औरत और उसके बेटे वहां से फरार हो गए।

लड़की के साथ चल रहा था प्रेम प्रसंग

स्थानीय दुकानदारों का कहना था कि जिस लड़के की पिटाई हुई उसका किसी लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात का उक्त लड़की की माता व भाइयों को पता चल गया, जिसके बाद उन्होंने आकर प्रवासी लड़के की पिटाई कर डाली। दुकानदारों ने बताया कि अगर वे उक्त लड़के को नहीं छुड़ाते तो लड़का पिटाई के चलते मर भी सकता था। बेहोश लड़के को अस्पताल पहुंचाने के लिए अस्पताल की एम्बुलैंस को फोन किया लेकिन एम्बुलैंस नहीं पहुंची, जिसके बाद कुछ प्रवासी लड़के घायल प्रवासी लड़के को उठाकर कहीं ले गए। वहीं सदर थाना के एस.एच.ओ. संजीव कुमार ने बताया कि मामले की पुलिस में कोई शिकायत नहीं आई है अगर शिकायत आती है तो पुलिस कार्रवाई अमल में लाएगी।

Vijay