कुठेड़ा खैरला में नशीले कैप्सूलों की खेप सहित धरा युवक

Thursday, Jul 19, 2018 - 09:09 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): अम्ब पुलिस ने बटाला (पंजाब) के एक युवक को प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों की खेप के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर सायं पुलिस पैट्रोलिंग के दौरान अम्ब-हमीरपुर रोड पर कुठेड़ा खैरला खड्ड के नजदीक पुलिस की संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक पर नजर पड़ी तो वह व्यक्ति पुलिस से डरकर खड्ड की तरफ भाग गया। इस दौरान मुख्य आरक्षी विपिन कुमार ने उसका काफी दूर तक पीछा किया और आरोपी को पकडऩे में सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने युवक की तलाशी के दौरान 700 नशीले प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए।


आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि पुलिस ने नशीले कैप्सूलों के साथ पकड़े गए आरोपी सुखदेव सिंह (35) पुत्र हेमंत सिंह निवासी चीमा खड्डी बटाला (गुरदासपुर) पंजाब के विरुद्ध 21 व 22 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है कि आरोपी के पास इतनी ज्यादा मात्रा में नशीले कैप्सूल कहां से आए और वह नशे की खेप को कहां सप्लाई करने जा रहा था।

Vijay