क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती युवक ने पिया सेनेटाइजर, अस्पताल में भर्ती

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2020 - 03:24 PM (IST)

ज्वालामुखी : कांगड़ा में संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर में एक युवक ने सेनेटाइजर पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अब तक यह पता नहीं चल सका है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया था। जानकारी के अनुसार, ज्वालामुखी इलाके में बीती रात को क्वारंटाइन सेंटर में एक शख्स ने हेंड सेनेटाइजर पी लिया। जांच में उसके सैम्पल रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि भी हो चुकी है कि इस शख्स ने हेंड सेनेटाइजर गटक लिया था, जो उसके खून में मिल गया। इसकी पुष्टि जिलाधीश राकेश प्रजापति ने की है। 

राज्य के बाहर से आये शख्स को ज्वालामुखी के अग्रवाल सराय में क्वारंटाइन किया गया था। यहां उसने सेनेटाइजर पी लिया। इसके बाद शख्स की आंखों के सामने अधेंरा छा गया। जब इसकी भनक स्वास्थ्य महकमे को लगी, उन्होंने उसे ज्वालामुखी में फर्स्ट एड दी। बावजूद इसके जब उसकी हालत और बिगड़ी तो उसे तुरन्त टांडा मेडिकल कॉलेज भर्ती किया गया। ब्लड के नमूने की जांच रिपोर्ट में मिथाइल एल्कोहल पाया गया है।

फिलहाल, स्वास्थ्य महकमे की ओर से इस युवक से पूछताछ की जाएगी कि आखिर उसने ये सब हरकत क्यों की। एसडीएम अंकुश शर्मा ने कहा कि युवक की आंखों के आगे एकदम अंधेरा छा गया था, ऐसी सूचना उन्हें मिली थी। प्रसाशन ने स्थानीय अस्पताल प्रबंधन के सहयोग के साथ उसकी हालत को देखते हुए उसे टांडा भेज दिया था। गौरतलब है कि कांगड़ा में बड़ी संख्या में लोग बाहरी राज्यों से लौटे हैं। इन्हें संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है और निर्धारित समय के बाद उन्हें घर भेजा जाता है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

prashant sharma

Recommended News

Related News