हिमाचल के इस धार्मिक शक्तिपीठ पर नतमस्तक होंगे Yogi, NSG कमांडो ने संभाला जिम्मा

Sunday, Jul 09, 2017 - 10:18 PM (IST)

चिंतपूर्णी: उत्तरी भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ में माता चिंतपूर्णी में रविवार को एन.एस.जी. कंमाडो ने मोर्चा संभाल लिया, वहीं यू.पी. के सी.एम. योगी आदित्यनाथ कड़ी सुरक्षा के बीच मां की पावन पिंडी का दीदार करेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर जहां यू.पी. से विशेष सुरक्षा बलों का दस्ता यहां पहुंच चुका है, वहीं जिला ऊना पुलिस प्रशासन ने भी रविवार शाम को सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। अम्ब की जनसभा से ठीक पहले योगी का मां चिंतपूर्णी के दरबार में आने का कार्यक्रम है। यू.पी. के सी.एम. जब मंदिर में पहुंचेंगे तो उन्हें मंदिर न्यास के स्वागत कक्ष द्वारा प्रवेश करवाया जाएगा और लिफ्ट से सीधे मंदिर परिसर में पहुंचेंगे। उस वक्त मुख्य द्वार और निकासी द्वार बंद कर दिए जाएंगे और उस दौरान आम श्रद्धालु मंदिर परिसर क्षेत्र में मौजूद नहीं रहेंगे। 

ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
योगी के आगमन पर ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे इसके लिए आज शाम को ए.एस.पी. मदन लाल कौशल, ए.डी.एम. सुखदेव सिंह, एस.डी.एम. बचन सिंह और डी.एस.पी. धर्म चंद ने मुख्य बाजार सहित मंदिर परिसर क्षेत्र में व्यवस्था का जायजा लिया। यू.पी. के विशेष सुरक्षा दस्ते ने भी कमान संभाल ली है। यू.पी. से पहुंची सुरक्षा बलों की टीम में एक डी.आई.जी. रैंक का अधिकारी, एक डी.एस.पी., 12 कांस्टेबल और 6 एन.एस.जी. कमांडो शामिल हैं। योगी के आगमन पर अम्ब से लेकर चिंतपूर्णी तक सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है, वहीं ए.एस.पी. मदन लाल कौशल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है और पूरे क्षेत्र में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।