योगी बोले- ''इटली'' से आया राजनीति में माफिया शब्द

Tuesday, Jul 11, 2017 - 09:02 AM (IST)

ऊना: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीति में माफिया शब्द 'इटली' से आया है। सोमवार को जिला ऊना के चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के तहत उपमंडल मुख्यालय में भाजपा की रथयात्रा के समापन अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए योगी ने कांग्रेस पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और माफिया का गहरा संबंध है। कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी, सरदार पटेल और लाल बहादुर शास्त्री की नहीं बल्कि सोनिया और राहुल की हो गई है और यहीं से पार्टी में माफिया की उत्पत्ति शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश और समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटा है तो भ्रष्टाचार के मामले में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। योगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य की पहचान पहले से ही देवभूमि और जवानों के फौज में सीमाओं की रक्षा करने के चलते राष्ट्रभक्ति के रूप में होती थी लेकिन अब यहां माफिया राज का बोलबाला हो चुका है। पहले हिमाचल में अपराध शून्य थे परन्तु अब यहां क्राइम का बोलबाला भी बढ़ चुका है। 


हिमाचल में आने वाले समय में भाजपा की सरकार बनेगी
लूट-खसूट करने वाली सरकारें संवेदनहीन हो चुकी हैं और लोगों का विश्वास पूरी तरह से खो चुकी हैं। हिमाचल में आने वाले समय में भाजपा की सरकार बनेगी और यहां विकास उसी तेजी से होगा जिस तरीके से केंद्र सरकार धड़ाधड़ विकास के फैसले कर रही है। योगी ने कहा कि राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि इस प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिले तो देश के लोगों को यूरोप नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यू.पी. में भी खनन माफिया का बोलबाला था। यहां खनन से 1460 करोड़ रुपए की आय होती थी जबकि इससे कई गुना राशि राज्य के खनन मंत्री को मिलती थी। यू.पी. में जब भाजपा सरकार आई तो केंद्र की तरह पारदर्शी तरीके से इसकी नीलामी की और यू.पी. सरकार की आय 5000 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। कांग्रेस पार्टी ने देश के लोगों की आस्था के साथ भी खिलवाड़ किया था। षड्यंत्र के तहत रामसेतु को तोड़ने का प्रयास किया जिसे न्यायालय के दखल से बचाया जा सका। कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में तो राम और कृष्ण के नहीं होने के ही शपथ पत्र देकर असंख्य लोगों की आस्था पर चोट पहुंचाई गई। 


उड़ान भरने से पहले दम तोड़ गया चौपर
योगी का सारा कार्यक्रम का शैड्यूल उस समय धराशायी हो गया जब उनका हैलीकॉप्टर उड़ान से पहले ही खराब हो गया। चौपर के पायलट के मुताबिक स्टार्टिंग प्वाइंट में इलैक्ट्रीकल फाल्ट की वजह से वह उड़ान भरने में सक्षम नहीं हो पा रहा था। आदित्यनाथ करीब पौने 4 बजे उपमंडल अम्ब के चुरुड़ू स्थित हैलीपैड पर पहुंच गए थे, जहां उड़ने के लिए चौपर तैयार था। ज्यों ही इसे स्टार्ट किया जाने लगा तो यह नहीं चल पाया। इस दौरान योगी उसमें ही बैठे रहे। उन्हें छोड़ने आए पूर्व सी.एम. धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी इतनी देर वहीं खड़े रहे। काफी देर तक पायलट इसकी तकनीकी खामी को दूर करने का प्रयास करते रहे लेकिन विफल रहे। इस दौरान सैकेंड प्लान पर भी चर्चा जारी रही। करीब एक घंटा इंतजार करने पर पौने 5 बजे योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय ऊना पहुंचे और यहां सांसद अनुराग ठाकुर सहित अन्य नेताओं के साथ उन्होंने लंच किया। काफी इंतजार करने के बाद सायं 5:56 बजे होटल से आनंदपुर साहिब की तरफ निकले ताकि वहां से हरियाणा सरकार का चौपर उन्हें लखनऊ पहुंचा सके। रैली खत्म होने के करीब अढ़ाई घंटे बाद तक योगी को यहीं रुके रहना पड़ा।