सोलन में कांग्रेस काे एक और झटका, ग्रामीण विकास बैंक के निदेशक चुनाव में भाजपा के योगेन्द्र वर्मा जीते

Friday, Dec 22, 2023 - 11:28 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): नगर निगम के मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के बाद भाजपा ने सोलन में कांग्रेस काे एक और झटका दिया है।  राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के सोलन जोन के निदेशक के चुनाव में भाजपा समर्थित योगेन्द्र वर्मा ने कांग्रेस समर्थित मनीष शर्मा को 213 वोटों से हराया। चुनाव में सोलन, अर्की, कसौली के साथ जिला सिरमौर के पच्छाद व रेणुका निर्वाचन क्षेत्र के 2023 मतदाताओं ने मतदान किया। कुल मतदाताओं की संख्या 11221 थी। 

राजगढ़ को छोड़कर कांग्रेस को हर बूथ पर हार का सामना करना पड़ा। कंडाघाट बूथ में 442 वोट में से भाजपा के योगेन्द्र वर्मा को 321 व कांग्रेस प्रत्याशी मनीष शर्मा को 121 वोट मिले। अर्की बूथ में 124 वोट में से योगेन्द्र को 65 व मनीष  को  58 वोट मिले जबकि एक वोट रद्द हुई। सोलन एक नम्बर बूथ में 490 में से योगेन्द्र को 260 व मनीष को 228 वोट मिले जबकि 2 वोट रद्द हुए। सोलन बूथ नम्बर 2 में  480 वोट में योगेन्द्र को 244 व मनीष को 234 वोट मिले जबकि दो वोट रद्द हुए।

जिला सिरमौर के सराहां में 200 वोटों में योगेन्द्र को 104 व मनीष को 95 वोट मिले जबकि एक वोट रिजैक्ट हो गया। राजगढ़ बूथ में 287 वोट में से योगेन्द्र को 121 व कांग्रेस के मनीष शर्मा को 166 वोट मिले। सहायक पंजीयक सोलन की अध्यक्षता में यह मतदान हुआ। भाजपा समर्थित प्रत्याशी की इस जीत से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्न सिंह पाल, पुरुषोत्तम गुलेरिया व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर सहित कार्यकर्त्ता उत्साहित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay