हिमाचल में कल से भारी बारिश का यैलो अलर्ट, बारिश ने अब तक किया 633 करोड़ का नुकसान

punjabkesari.in Monday, Aug 02, 2021 - 11:06 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो) : हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट प्रदेश के 10 जिलों के लिए जारी किया गया है। 5 अगस्त तक यैलो अलर्ट जारी रहेगा। इसके बाद प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हैं। प्रदेश में रविवार को राजधानी सहित अन्य जिलों में दिनभर धूप खिली रही, वहीं कई क्षेत्रों में बारिश का दौर भी चलता रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा बारिश नादौन में दर्ज की गई। यहां 35 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। डल्हौजी में 34, बलद्वाड़ा 9, कसौली 17, पांवटा साहिब 14, सुजानपुर टीहरा 13, गुलेर 11, गोहर 9 व करसोग में 7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। रविवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33.0, हमीरपुर 32.8, ऊना 34.7, सुंदरनगर 30.3, कांगड़ा 29.5, नाहन 29.3, धर्मशाला 27.8, भुंतर 27.7, चम्बा 26.5, शिमला 22.6, कल्पा 20.7, डल्हौजी 18.3 और केलांग में 17.8 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में बारिश से सरकारी व निजी संपत्ति को 633 करोड़ का नुकसान

भारी बारिश के कारण बीते कई दिनों से बंद पड़ी हिमाचल प्रदेश की अधिकतर सड़कें बहाल कर दी गई हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक रविवार शाम तक केवल 47 सड़कें ही वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं, वहीं 12 पेयजल योजनाएं और 58 विद्युत ट्रांसफार्मर रविवार को भी बंद रहे। बरसात से सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान बढ़कर 633 करोड़ पहुंच गया है। मौजूदा मानसून सीजन के दौरान विभिन्न कारणों से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 213 पहुंच गया है, जबकि 12 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 440 मवेशियों की भी मौत हुई है। राज्यभर में बारिश के कारण 600 से अधिक कच्चे व पक्के मकान, 458 गऊशालाएं, 8 दुकानें और 10 लेबर-शैड को नुकसान हुआ है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News