हिमाचल में 3 दिन भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम

punjabkesari.in Saturday, Aug 28, 2021 - 11:00 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र): मौसम विभाग ने आगामी दिनों तक प्रदेश के मैदानी व मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया। विभाग के अनुसार 29, 30 व 31 अगस्त तक यैलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों को छोड़कर मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यैलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश 3 सितम्बर तक मौसम खराब रहेगा।

बारिश के बाद 219 सड़कें बंद

प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के बाद भूस्खलन के कारण सड़कें जगह-जगह बंद हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक शनिवार को 219 सड़कें बंद रहीं। इस वजह से 125 से अधिक रूटों पर बस सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों-बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाइयां पेश आ रही हैं। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 138 सड़कें, हमीरपुर में 61, कांगड़ा 6 और शिमला की 13 सड़कें बंद हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी का दावा है कि अधिकतर सड़कें रविवार शाम तक बहाल कर दी जाएंगी।

सरकारी व गैर-सरकारी संपत्ति को 927.62 करोड़ का नुक्सान

इसी के साथ सरकारी व गैर-सरकारी संपत्ति को नुक्सान का आंकड़ा बढ़कर 927.62 करोड़ पहुंच गया है। मौजूदा मानसून सीजन में विभिन्न कारणों से मरने वालों की संख्या 326 हो गई है। इसी तरह बरसात के दौरान 589 मवेशियों की भी जान गई है। 45 पक्के और 103 कच्चे मकान पूरी तरह तबाह हुए हैं, जबकि 123 पक्के और 597 कच्चे मकान को आंशिक क्षति पहुंची है। 590 गऊशालाओं, 16 दुकानों और 8 मजदूरों के शैड को भी क्षति हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News