युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं के लिए मांगे कांग्रेस के आधे टिकट, जानिए क्यों

Monday, Jul 10, 2017 - 01:32 AM (IST)

मंडी: प्रदेश युवा कांग्रेस के 2 दिवसीय संकल्प शिविर के समापन पर मंडी के विपाशा सदन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमेंद्र सिंह राजा बराड़ ने सी.एम. वीरभद्र सिंह के समक्ष मांग रखी कि यदि कांग्रेस सरकार को प्रदेश में रिपीट करना है तो कम से कम आधे टिकट युवा कांग्रेस को दिए जाएं। उन्होंने सी.एम. की ओर मुखातिब होते हुए उनसे यह हामी भरने के लिए कहा कि वह विधानसभा चुनाव के लिए आधी सीटें युवाओं को देने की वकालत करेंगे। यदि वह ऐसा करते हैं तो वह स्वयं दीपेंद्र हुड्डा के साथ जाकर राहुल गांधी से मिलेंगे और सत्ता में वापसी की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद भी जरूरी है। 

युकां अध्यक्ष ने दी निर्देशात्मक सलाह 
इस दौरान प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य ने निर्देशात्मक सलाह देते हुए कहा कि हो सकता है सरकार सभी लोगों के काम नहीं कर पाई हो लेकिन अभी भी उनके पास 6 महीने का समय है। हर विधानसभा क्षेत्र स्तर पर 10-10 युवाओं का एक ग्रुप बनाओ जो जिला कलैक्टर के पास जाए और उन्हें लोगों के काम बताए। यदि 10 युवक एक साथ कोई काम बताएंगे तो वह गलत हो भी नहीं सकते। 

कांग्रेस के सत्ता में आने की नहीं है बात
वहीं युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बात कांग्रेस के सत्ता में आने की नहीं है और न ही वीरभद्र सिंह को7वीं बार मुख्यमंत्री बनाने की है। सरकारें तो आती-जाती रहती हैं लेकिन बात तो यह है कि आज जो देश में सरकार है व तोडऩे वाली सरकार है जिसे हटाने की शुरूआत हिमाचल से करनी होगी। यह जिम्मेदारी हिमाचल की है कि देश को बचाने की शुरूआत यहां से की जाए। इस मौके पर हरियाणा से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने युवा कांग्रेस प्रतिनिधियों को जरूरी टिप्स दिए। वहीं प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य ने संकल्प पत्र की शपथ प्रतिनिधियों को दिलाई।