हिमाचल प्रदेश विधानसभा के नए सचिव होंगे यशपाल शर्मा

Saturday, Jun 30, 2018 - 10:32 PM (IST)

शिमला: प्रदेश सरकार ने एच.ए.एस. अधिकारी यशपाल शर्मा को हिमाचल प्रदेश विधानसभा का नया सचिव लगाया है। वह सुंदर सिंह वर्मा का स्थान लेंगे, जो अप्रैल, 2017 से सेवा विस्तार पर चल रहे थे। सुंदर सिंह वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर विधानसभा परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने इस अवसर पर वर्मा की विधानसभा में विभिन्न पदों पर रहते हुए 35 साल की सेवाओं की सराहना की। इसी तरह 21 साल 10 महीनों तक सहायक पुस्तक अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए केशव राम भी शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए।


डा. मनोहर लाल धीमान बागवानी विभाग के नए निदेशक
विधानसभा के नए सचिव लगाए गए यशपाल शर्मा के पास मौजूदा समय में कंट्रोलर एंड स्टेशनरी के अलावा प्रदेश विधानसभा के ओ.एस.डी. का दायित्व था। सरकार ने डा. मनोहर लाल धीमान को बागवानी विभाग का नया निदेशक लगाया है। डा. धीमान मौजूदा समय में धर्मशाला में अतिरिक्त निदेशक बागवानी पद पर कार्यरत हैं। बागवानी निदेशक के पद से शनिवार को एम.एस. राणा सेवानिवृत्त हो गए। उद्यान प्रसार अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष डा. देवेंद्र ठाकुर ने नए बागवानी निदेशक की तैनाती का स्वागत किया है।


4 आई.ए.एस.-2 एच.ए.एस. अधिकारियों के तबादले
इस तरह राज्य सरकार ने 4 आई.ए.एस. और 2 एच.ए.एस. अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसके तहत हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड में निदेशक वित्त के पद पर तबदील किए गए डा. अजय शर्मा को रजिस्ट्रार को-आप्रेटिव सोसायटी का जिम्मा सौंपा है। इसी तरह बंदोबस्त अधिकारी कांगड़ा राखिल काहलों को एम.डी. कांगड़ा सैंट्रल को-आप्रेटिव बैंक लगाया गया है। उनके पास बंदोबस्त अधिकारी कांगड़ा के अलावा मुख्यमंत्री का विशेष सचिव धर्मशाला कैंप का अतिरिक्त दायित्व भी रहेगा। सरकार ने एम.डी. एच.पी.एम.सी. के पद पर तबदील किए गए आई.ए.एस. अधिकारी सुदेश कुमार मोक्टा को हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड का निदेशक वित्त लगाया है। उनके पास बोर्ड में निदेशक कार्मिक का अतिरिक्त दायित्व भी रहेगा। इसके अलावा आई.ए.एस. अधिकारी मदन चौहान एच.पी.एम.सी. के एम.डी. पद का अतिरिक्त कामकाज देखते रहेंगे।


प्यार चंद अकेला को-आप्रेटिव सोसायटी धर्मशाला के एडिशनल रजिस्ट्रार
एच.ए.एस. अधिकारी एवं एम.डी. कांगड़ा सैंट्रल को-आप्रेटिव बैंक प्यार चंद अकेला को एडिशनल रजिस्ट्रार को-आप्रेटिव सोसायटी धर्मशाला लगाया है। वह इस पद से एच.ए.एस. अधिकारी अश्विनी राज शाह को भारमुक्त करेंगे। राज्य सरकार ने आई.ए.एस. अधिकारी आबिद हुसैन सादिक के तबादला आदेशों में एक बार फिर से संशोधन किया है। उनके पास डायरैक्टर पब्लिक इंटरप्राइजिज व विशेष सचिव वित्त के एम.डी. एच.पी. एग्रो इंडस्ट्रीज कार्पाेरेशन लिमिटेड के अलावा अब एग्जामिनर एल.ए.डी. का अतिरिक्त दायित्व भी रहेगा।


को-आप्रेटिव बैंक को नहीं मिला एम.डी.
एक दिन पहले हिमाचल प्रदेश को-आप्रेटिव बैंक के पद पर तबदील की गई आई.ए.एस. अधिकारी को निदेशक ऊर्जा का दायित्व सौंपा गया है। इस तरह को-आप्रेटिव बैंक को राम कुमार गौतम के तबादले के बाद नया एम.डी. नहीं मिल पाया है।


सचिवालय सेवा पर भी फेरबदल
प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा के अवर सचिव बलवीर सिंह को पदोन्नति के बाद प्रशासनिक सुधार के साथ एल.ए.सी. का जिम्मा सौंपा है। इसके अलावा अवर सचिव प्रशासनिक सुधार बलवीर सिंह को लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है।

Vijay