WWF से अब सुर्खियों में आएगा हिमाचल, द ग्रेट खली दिखाएंगे दमखम (Watch Video)

Wednesday, Jan 31, 2018 - 11:33 AM (IST)

शिमला: धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के आयोजन के बाद अब हिमाचल प्रदेश डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ. चैम्पियनशिप के कारण सुर्खियों में आएगा। लंबे समय से रिंग से दूर रहे द ग्रेट खली जल्द ही हिमाचल में देसी पहलवानों से दो-दो हाथ करेंगे। इसका आयोजन 15 अप्रैल के बाद किया जाएगा। इस चैम्पियनशिप के लिए मंडी और बिलासपुर में से किसी 1 जिला का चयन किया जाएगा। हालांकि मंडी के पड्डल मैदान में इसका आयोजन करवाए जाने की अधिक संभावना है क्योंकि वहां पर पर्याप्त जगह उपलब्ध है। फिर भी विकल्प के तौर पर बिलासपुर जिला में किसी उपयुक्त स्थान पर इसका आयोजन होगा। 


इस आयोजन को लेकर खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर चंडीगढ़ जा रहे हैं, जहां पर वह हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले दलीप सिंह उर्फ द ग्रेट खली से मुलाकात करेंगे। खली ने इस आयोजन में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। इस तरह आयोजन में देश-विदेश के बड़े नामी खिलाड़ी भाग लेंगे। वह खुद इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से फाइट कर सकते हैं। उनके अलावा हिमाचल प्रदेश सहित देश के 8 फाइटर रिंग में उतर सकते हैं। इसके अलावा करीब 2 दर्जन अंतर्राष्ट्रीय पहलवानों की कुश्ती का रोमांच भी देखने को मिलेगा। 


स्कूली बच्चों की फ्री हो सकती है एंट्री
हिमाचल में होने वाले डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ. मुकाबलों को देखने के लिए स्कूली बच्चों को फ्री में एंट्री मिल सकती है। यानी स्कूली बच्चों के लिए कुछ सीटें फ्री रखी जा सकती हैं। हालांकि इस बारे अंतिम निर्णय आयोजन तय होने के बाद लिया जाएगा।