विश्व प्रसिद्ध इस पर्यटन स्थल में जून महीने में भी ताजा बर्फबारी, देखने उमड़े सैलानी

Saturday, Jun 03, 2017 - 03:35 PM (IST)

कुल्लू: 13050 फुट ऊंचे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर जून महीने में भी 10 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। बताया जाता है कि रोहतांग दर्रा में चंद्रभागा की पहाड़ियों और बारालाचा पास, कुगती जोत, नीलकंठ, कुंजम दर्रा समेत शिगरी ग्लेशियर पर भी फाहे गिरे हैं। यहां बारिश से घाटी के किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है। केलांग में तैनात डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि दारचा और कोकसर में पुलिस की अस्थायी चौकियां खोल दी गई हैं। जल्द ही यहां मौसम को देखकर लोसर, मुद, तिंगरेट और सरचू में अस्थायी चौकियां स्थापित की जाएंगी।


रोहतांग पहुंचकर बर्फ के बीच खूब की मस्ती

मनाली आए एक वाहन चालक ने बताया कि उन्होंने रोहतांग पहुंचकर बर्फ के बीच खूब मस्ती की। जब वह इसके बाद लाहौल पहुंचा तो रोहतांग में ताजा बर्फबारी से पहाड़ चांदी की तरह चमकने लगे। यहां पहुंचे कई सैलानियों ने बताया कि लाहौल में बारिश से तापमान में बेशक गिरावट आई है लेकिन मैदानी इलाकों में 40 डिग्री से भी ऊपर चल रहे तापमान से उन्हें यहां राहत मिली है। बताया जाता है कि हिमाचल में अगले 4 दिन तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 2 से 5 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 6 जून से बारिश के आसार हैं।  
​​​​​​​