वेतन न मिलने से खफा कामगार सड़क पर उतरे, जमकर की नारेबाजी

Wednesday, Sep 26, 2018 - 11:26 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): पिछले 6 माह से वेतन न मिलने से खफा एक उद्योग के कामगार सड़क पर उतर आए हैं। बंद पड़े उद्योग के कर्मचारियों ने वर्कर्ज यूनियन के बैनर तले अम्ब बाजार में उद्योग प्रबंंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष रैली निकाली। बाद में श्रमिकों ने अपनी ज्वलंत मांग हेतु एस.डी.एम. अम्ब सुनील वर्मा को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन के  उच्चाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मजदूर यूनियन के प्रधान जनक राज सहित अन्य कामगारों ने रोषस्वरूप लहजे में कहा कि यह उद्योग करीब 35 वर्ष पहले स्थापित हुआ था। इस उद्योग में काम करने वाले लगभग सभी मजदूर 30-35 वर्षों से फैक्टरी में कार्य करते आ रहे हैं।

6 महीने से नहीं मिला वेतन
उन्होंने आरोप लगाया है कि मैनेजमैंट ने पिछले कुछ महीनों से प्लांट को बंद रखा हुआ है जबकि वे सभी रोजाना ड्यूटी पर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मैनजमैंट मजदूरों को श्रम कानून के मुताबिक लाभ दिए बिना ही नौकरी से हटाना चाहती है। आज हालात ये हैं कि करीब 6 महीने से वेतन न मिलने के चलते घर पर परिवार का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। कई मजदूरों ने तो अपने परिवार का खर्चा चलाने के लिए जमा हुई अपनी भविष्य निधि की रकम भी निकाल ली है, जिसके चलते वे मानसिक परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं।

हर बार टालमटोल करता है फैक्टरी प्रबंधन
कामगारों ने आरोप लगाया है कि फैक्टरी प्रबंधन से जब बात की जाती है तो वे हर बार इस विषय पर टालमटोल कर उन्हें टरका देते हैं। फैक्टरी कर्मचारियों ने प्रशासनिक उच्चाधिकारी से मांग की है कि वह फैक्टरी के अधिकारियों को तलब कर उनके वेतन बहाल करने के आदेश पारित करें। कामगारों ने चेताया है कि यदि उनकी समस्या का हल नहीं निकला तो फैक्टरी के समस्त कामगार फैक्टरी के गेट पर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे।

Vijay