कामगारों के बच्चों की शादी पर मिलेंगे इतने हजार

Tuesday, Dec 06, 2016 - 10:04 AM (IST)

बिलासपुर : इंटक से संबंधित हिमाचल बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन मजदूर यूनियन ने निर्माण में कार्यरत कामगारों को जागरूक करने के उद्देश्य से पंजगाई पंचायत के नातड़ा चौक में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला इंटक प्रधान रूप सिंह ठाकुर द्वारा की गई। कार्यशाला में ग्राम पंचायत धौन कोठी, धार टटोह, पंजगाई और दयोली में कार्यरत मनरेगा कामगार और रिहायशी मकानों में कार्यरत 80 कामगारों ने भाग लिया। श्रम कल्याण बोर्ड से मिलने वाली सुविधाओं बारे जिला प्रधान ने जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि मनरेगा में प्रत्येक वर्ष कामगार को 50 दिन काम करना अनिवार्य है और रिहायशी गृह निर्माण, सरकारी ठेकेदार और निर्माण कंपनी में कार्यरत कामगार को एक वर्ष में कम से कम 90 दिन काम करना अनिवार्य है। जिन कामगारों ने एक वर्ष में 90 दिन काम किया है, वे श्रम कल्याण बोर्ड में यूनियन के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। रूप सिंह ठाकुर ने कहा कि अब श्रम कल्याण बोर्ड में पंजीकृत कामगार के बच्चों की शादी के लिए 51 हजार की राशि मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बच्चों की पढ़ाई के वजीफे की राशि को अब दोगुना कर दिया है और कामगार की कुदरती मृत्यु और दुर्घटना में होने वाली मृत्यु की बीमा की राशि को भी 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख कर दिया है। इस अवसर पर यूनियन के जिला उपप्रधान शिव सिंह वर्मा, संगठन सचिव रोशन लाल, सदर महिला विंग इंटक की उपप्रधान सपना ठाकुर, चंचल कुमारी पटियाल व अजय शर्मा आदि ने भाग लिया।