देवभूमि के इस शहर में सुरक्षित नहीं महिलाएं!

Saturday, Dec 03, 2016 - 10:49 AM (IST)

गोहर: हिमाचल के मंडी जिले के गोहर और जंजैहली में महिलाएं अपने आप को सुरक्षित नहीं मान रही हैं। क्षेत्र में महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ रहे हैं। इससे समाज महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अनेक प्रकार के सवाल खड़े कर रहा है। इस वर्ष के आंकड़ों की ओर अगर गौर करें तो महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। क्षेत्र में इस साल 5 महिलाओं के साथ दुराचार के मामले पुलिस ने दर्ज किए हैं। 3 महिलाओं का अपहरण किया गया है। 2 महिलाओं का उत्पीड़न किया गया है तथा 5 महिलाओं के साथ बहशी दरिंदों ने छेड़खानी कर महिलाओं और बेटियों में खौफ पैदा कर दिया है। 


गोहर और जंजैहली उपमंडलों में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। क्षेत्र के स्कूलों में भी छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। इससे दुर्गम क्षेत्रों के गरीब अभिभावक बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुराचार की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शहरों की तर्ज पर गांव में भी अब महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं। ताजा मामले में छत्तरी क्षेत्र में एक महिला को घर में अकेला पाकर रात को गांव का एक युवक उसके घर में घुस गया और उसने महिला से दुराचार कर डाला।


मौके पर पहुंचे पति ने जब दरवाजा खोला तो आरोपी ने उसकी भी पिटाई कर दी और दोनों को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार के पीछे नशा भी प्रमुख कारण माना जा रहा है। नशे में लोग दुष्कर्म जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।