पेयजल किल्लत पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, SDO Office का किया घेराव

Thursday, Jun 07, 2018 - 01:09 AM (IST)

धर्मशाला: दरगेला पंचायत में चल रही पेयजल दिक्कत से परेशान महिलाओं ने बुधवार को आई.पी.एच. कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर भूख हड़ताल शुरू कर दी। महिलाओं ने एस.डी.ओ. कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी भी की। महिलाओं के साथ स्थानीय युवा क्लब के सदस्य भी मौजूद थे। महिलाओं का उग्र रूप देखकर भारी तदाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस व विभागीय अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपने प्रदर्शन पर अड़े रहे। प्रदर्शनकर्ता उस समय भड़क उठे जब वह 39 मील से आई.पी.एच. कार्यालय तक रोष रैली लेकर पहुंचे तो वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। अधिकारियों को कार्यालय में न देख महिलाओं ने एस.डी.ओ. के कमरे के बाहर धरना दे दिया तथा भूख हड़ताल कर दी।


प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कार्यालय में पहुंचे एस.डी.ओ.
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एस.डी.ओ. तुरंत कार्यालय पहुंच गए तथा उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास भी किया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने तथा नारेबाजी शुरू कर दी। महिलाओं का रौद्र रूप देख एस.डी.एम. शाहपुर जगन ठाकुर को आई.पी.एच. कार्यालय आना पड़ा। एस.डी.एम. ने महिलाओं से बात करने के बाद आई.पी.एच. अधिकारियों के साथ बैठक कर संबंधित गांव की पेयजल आपूर्ति बारे पूरी जानकारी प्राप्त कर प्रदर्शनकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि दरगेला गांव में 80 घर हंै तथा पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है।


एस.डी.एम. के आश्वासन के बाद तोड़ी हड़ताल
बैठक 2 घंटे तक चली तथा बाद में एस.डी.एम. के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने हड़ताल तोड़ी, साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का निपटारा नहीं हुआ, तो वह आई.पी.एच. कार्यालय में ताला लगाने संग भूख हड़ताल शुरू कर देंगी। इस मौके पर अनिता देवी, सुदर्शना देवी, अंजू बाला, बिमला देवी, अनिता देवी, वर्षा देवी, सीमा देवी, अंजना देवी, सविता देवी, मीना देवी, रेखा देवी, विक्रमा देवी, अरुण धीमान, अशोक कुमार, लोचन, कुलदीप व अन्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।


मात्र 5 महीनों में ही हांफ गई भाजपा सरकार : पठानिया
पानी की समस्या को देखते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भाजपा सरकार 5 महीनों में ही पूरी तरह हांफ चुकी है। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से शाहपुर क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश भर में पानी की हाहाकार मची हुई है। पठानिया ने बताया कि आई.पी.एच. विभाग की इस अनदेखी की शिकायत मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की है।


क्या कहते हैं विभाग के अधिकारी
आई.पी.एच. विभाग शाहपुर के एस.डी.ओ. अनीश ठाकुर ने कहा कि महिलाओं ने अधिकारियों के मौजूद न होने का जो आरोप लगाया है वह झूठ है। सभी अधिकारी व कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंच चुके थे लेकिन विभागीय कार्य के लिए कर्मचारियों के साथ फिल्ड में जाना पड़ा। जब फिल्ड में गए उसके बाद महिलाएं भी आ गईं। महिलाओं के आने का जैसे ही पता चला हम सभी अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके थे।

Vijay