महिला वार्ड पंच ने प्रधान पर जड़े संगीन आरोप, पुलिस में दर्ज करवाया मामला

Friday, Nov 30, 2018 - 09:28 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला कुल्लू के आनी उपमंडल की पड़ेही पंचायत में महिला वार्ड पंच ने प्रधान के खिलाफ जातीय भेदभाव का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को बताया कि प्रधान पिछले करीब अढ़ाई वर्षों से जातीय भेदभाव कर उसे प्रताड़ित कर रहा था। महिला ने बताया कि प्रधान कोई कार्य नहीं कर रहा था तथा वार्ड में काम करवाने के लिए उसे अकेले कमरे में बुलाता था। महिला ने प्रधान पर और भी कई आरोप लगाए हैं। इसी से तंग आकर महिला ने पुलिस को शिकायत की है। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसे तथा उसके परिवार को आरोपी से जान का खतरा भी बना हुआ है।

आरोपी ने रामपुर सैशन कोर्ट में अग्रिम जमानत को दी अर्जी

पुलिस के अनुसार वार्ड पंच महिला की शिकायत पर पलेही के प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई तो आरोपी प्रधान के मौके से फरार पाए जाने की वजह से गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एस.सी./एस.टी. एक्ट की धारा 3 व 4 तथा भा.दं.सं. की धारा 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रधान ने रामपुर सैशन कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है, जिस पर 7 दिसम्बर को सुनवाई होगी। पुलिस ने मामले में 3 लोगों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं।

क्या कहती है पुलिस

डी.एस.पी. आनी तेजेंद्र वर्मा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। एस.पी. कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि महिला ने पुलिस को शिकायत सौंपी है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

Vijay