नशा कारोबार के खिलाफ उतरी नारी शक्ति, पुलिस प्रशासन की दी ये चेतावनी

Tuesday, Mar 26, 2019 - 04:37 PM (IST)

धर्मशाला (पूजा): जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगती घणा पंचायत की महिलाएं प्रवासियों द्वारा किए जा रहे नशे के कारोबार के खिलाफ सड़क पर उतरी आई हैं। धर्मशाला के चैतड़ू की घणा पंचायत की महिलाओं ने प्रवासियों द्वारा किए जा रहे नशे के कारोबार के खिलाफ डी.सी. कांगड़ा और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई करने की मांग उठाई है। सोमवार को डी.सी. कांगड़ा संदीप कुमार और पुलिस अधीक्षक के समक्ष पहुंची घणा पंचायत की महिलाओं का कहना है कि घणा पंचायत में नशे का कारोबार फलफूल रहा है। यहां शराब, भांग और दूसरे कई नशों का प्रचलन बढ़ गया है। इसमें फंसकर युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है।

प्रवासी कर रहे मौत का धंधा

उन्होंने कहा कि घणा पंचायत में नशे का यह कारोबार पंचायत में किराए पर रह रहे प्रवासियों द्वारा किया जा रहा है, जिसे कोई रोक नहीं रहा है। इससे नशे का अवैध व्यापार करने वालों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में भी नशा आसानी से उपलब्ध हो रहा है, जिससे शहर और गांवों का वातावरण खराब हो रहा है। महिलाओं ने डी.सी. कांगड़ा व पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि नशे के इस अवैध कारोबार पर तुरंत शिकंजा कसा जाए। उन्होंनेे जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि वे नशे के फैलते कारोबार पर जल्द से जल्द विभागीय कार्रवाई नहीं करते हैं तो घणा पंचायत के सभी बाशिंदे सड़कों पर उतर कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे और इसकी जिम्मेदारी जिला व पुलिस प्रशासन दोनों की होगी।  

प्रवासी महिलाएं बच्चों के पीछे कुत्तों को भगाकर देती हैं मारने की धमकियां

महिला मंडल घणा की प्रधान सुमना देवी का कहना है कि पंचायत में प्रवासी परिवार, जिसमें केवल महिलाएं ही रहती हैं, वे स्कूल जाने वाले बच्चों के पीछे कुत्तों को भगाकर उन्हें मारने की धमकियां देती हैं। इतना ही नहीं, कुछ दिन पहले उक्त प्रवासी महिलाओं ने पंचायत के एक लड़के को बंधक बनाकर उस पर गलत आरोप लगाए गए थे कि लड़का उनसे जबरदस्ती कर रहा था। प्रवासी महिलाओं का पंचायत के लोगों को इतना खौफ हो गया है कि वहां से आना-जाना तक मुश्किल हो गया है।

Vijay