चंबा, हमीरपुर और सोलन में खुलेंगे महिला थाने, सरकार ने लगाई मुहर

Wednesday, Jul 18, 2018 - 01:26 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राज्य सरकार ने चंबा, हमीरपुर और सोलन जिला में महिला पुलिस स्टेशन खोलने पर मुहर लगा दी है, ऐसे में अब पुलिस विभाग उक्त जिलों में वूमैन पुलिस स्टेशन खोलने की प्रक्रिया को जल्द ही अमलीजामा पहनाएगा। चंबा, हमीरपुर और सोलन के लिए महिला पुलिस थाने स्वीकृत होने से प्रदेश में वूमैन पुलिस स्टेशनों की संख्या 11 हो गई है। राज्य के 2 जिलों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में महिला पुलिस स्टेशन खोले जाने शेष हैं। पुलिस जिला बद्दी में भी महिला थाना खोला जा चुका है। महिलाओं को घर-द्वार पर बेहतर कानून व्यवस्था उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार ने सभी जिलों में महिला पुलिस स्टेशन खोलने का निर्णय लिया है। 


इसी कड़ी में जल्द ही किन्नौर व लाहौल-स्पीति में भी महिला थाना खोले जाएंगे। महिलाएं महिला थाने में बेझिझक होकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। प्रदेश की जयराम सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति एप भी लॉन्च किया है। इसके तहत कोई भी महिला जो संकट में हो, एप का लाल बटन दबाकर मदद ले सकती है। यह एप राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एन.आई.सी) द्वारा पुलिस के लिए तैयार किया गया है। 


यह एप हिंदी तथा अंग्रेजी दोनों भाषाओं में है और इसके लिए इंटरनैट कनैक्टीविटी की आवश्यकता नहीं है। एप किसी भी तरह की झड़प के दौरान निकटतम पुलिस नियंत्रण कक्ष में 20 सैकेंड के भीतर संदेश भेजेगा तथा इसमें ऑटो आडियो तथा वीडियो रिकॉर्डिंग की भी सुविधा है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने बताया कि सरकार ने चम्बा, हमीरपुर और सोलन जिला में महिला पुलिस स्टेशन खोलने की स्वीकृति दे दी है। 

Ekta