कोरोना काल में शिलाई के 3 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं निभा रहीं अनुकरणीय भूमिका

Wednesday, Jun 09, 2021 - 04:40 PM (IST)

नाहन (ब्यूरो): कोरोना महामारी की रोकथाम में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल के 3 स्वयं सहायता समूहों की 22 महिलाएं अनुकरणीय भूमिका निभा रही हैं। ये महिलाएं सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए उपमंडल शिलाई के विभिन्न गांवों को खुद सैनिटाइज कर रही हैं और लोगों को खुद तैयार किए हुए मास्क भी बांट रही हैं।

डीसी सिरमौर डॉ. आरके परूथी ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हर गतिविधी में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेती हैं तथा इस कोरोना महामारी के दौरान भी ये लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए समय-समय पर विभिन्न प्रशिक्षणों का आयोजन किया जाता है ताकि ये  महिलाएं अपनी आर्थिकी को सुदृढ कर सकें। उन्होंने बताया कि इसी दिशा में नाहन के चौगान मैदान में इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 2 दिवसीय सिरमौरी फूड फैस्टिवल का आयोजन किया गया था, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगभग 1 लाख 50 हजार से अधिक की कमाई की गई थी।

खंड विकास अधिकारी शिलाई विनीत ठाकुर ने बताया कि इन 3 स्वयं सहायता समूह में वैष्णवी, साई और थारी माता स्वयं सहायता समूह शामिल हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने कोरोना महामारी में सक्रिय भूमिका निभाई है। कोरोना काल में इन महिलाओं ने गरीब और असहाय लोगों को उनके घरद्वार पर राशन भी मुहैया करवाया है। ये महिलाएं खंड स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेती रहती हैं।

Content Writer

Vijay