महिलाओं की सूनी गोद भरते हैं विष्णु मतलोडा

Monday, Oct 29, 2018 - 12:34 PM (IST)

बालीचौकी (दुनीचंद): मंडी जिला की सराज घाटी के आराध्य देवता विष्णु मतलोडा का हूम उत्सव 9 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित देवकांढ़ा में धूमधाम से मनाया गया। रात को देव रस्मों को निभाकर सुबह तक देवता का देवरथ लाव-लश्कर के साथ मंदिर पहुंचा। इस दौरान देवता का मुख्य हार लुगाड़ी के बजंतरियों का बाजा विशेष आकर्षण रहा। देवता इन्हीं बाजे की ताल पर आगे पहाड़ी पर चलता है, अगर देव बाजा थोड़ी देर के लिए बंद हो जाता है तो देवता वहीं रुक जाता है। 

यह प्रक्रिया मंदिर पहुंचने तक चली रहती है। हालांकि इस दौरान कई महिलाओं व पुरुषों को इस बाजे की ताल से खेल भी आती है जिससे माहौल आध्यात्मिक हो जाता है। हारियानों का मानना है कि जिन महिलाओं की गोद सूनी है वे इस मंदिर देवकांढ़ा आकर देवता मतलोडा के आशीर्वाद से औलाद सुख पाती हैं। मंदिर पहुंचने पर गौदान भी किया जाता है जिसे विश्व शांति के लिए शुभ माना जाता है। देवता की सात हारियान के अध्यक्ष दिनेश ठाकुर ने कहा कि देवता का हूम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और इसकी परम्परा व रस्मों को निभाया गया। 

Ekta