कुकर फटने से घायल महिला की तबीयत बिगड़ी, आई.जी.एम.सी. रैफर

Sunday, Oct 07, 2018 - 10:15 PM (IST)

शाहतलाई: गत दिवस राजकीय उच्च पाठशाला ठठल जंगल में कुकर फटने से घायल हुई मिड-डे मील वर्कर उर्मिला देवी की तबीयत गत रात अचानक और बिगड़ गई, जिसके चलते उसे आई.जी.एम.सी. शिमला रैफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल हुई उर्मिला देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़ी में उपचार के बाद घर भेज दिया गया था लेकिन गत रात उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई, जिसके चलते परिजनों ने इसकी सूचना स्कूल के मुख्याध्यापक सुनील शर्मा व अध्यापक नेम चंद शर्मा को दी।

माथे पर गहरी चोट के कारण बिगड़ी तबीयत
सूचना मिलते ही मुख्याध्यापक व अध्यापक परिजनों संग उर्मिला देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला सी.टी. स्कैन करवाने के उपरांत बताया कि माथे पर गहरी चोट लगने के कारण तबीयत बिगड़ी है तथा उसे शीघ्र आई.जी.एम.सी. शिमला ले जाने के लिए कहा, जिस पर महिला को आई.जी.एम.सी. शिमला पहुंचाया गया।

झंडूता के विधायक पहुंचे आई.जी.एम.सी.
झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल घटना की सूचना मिलते ही आई.जी.एम.सी. शिमला पहुंचे तथा घायल उर्मिला देवी का कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने इस दौरान उर्मिला देवी को प्रशासन की ओर से 10 हजार व अपनी तरफ से भी आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने बताया कि घायल उर्मिला देवी के इलाज का सारा खर्चा शिक्षा विभाग से दिलवाया जाएगा।  

Vijay