रास्ते के विवाद पर महिला ने पंचायत के सामने उठाया यह खौफनाक कदम

Sunday, Jun 04, 2017 - 11:29 PM (IST)

अम्ब: ग्राम पंचायत चोआर में रविवार सायं मनरेगा के तहत बन रहे रास्ते का निर्माण कार्य रोकने को लेकर उत्पन्न हुए विवाद के दौरान गुस्साई महिला ने खुद को आग लगा ली। झुलसी महिला को तुरंत सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया, जहां से उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया लेकिन उसके परिजन उसे जालंधर (पंजाब) के एक अस्पताल में ले गए हैं। वहीं महिला को बचाने के प्रयास में 2 पुलिस कर्मियों के हाथ भी जल गए हैं।  



पति ने जल रही चुनरी को दोबारा महिला पर फैंका
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत चोआर के वार्ड नंबर 2 में मनरेगा के तहत रास्ते का निर्माण चल रहा था। इस बीच एक परिवार के लोग रास्ता बनने का विरोध कर रहे थे। विवाद गहराता देख पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचित किया, जिस पर पुलिस थाना अम्ब से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस मौके पर थी तो उक्त परिवार की गुस्साई महिला ने अपनी चुनरी को आग लगा ली। बताया जा रहा है कि इस दौरान आग लगी हुई चुनरी नीचे गिर गई लेकिन महिला के पति ने जल रही चुनरी को दोबारा महिला पर फैंक दिया जिस कारण महिला के हाथ व बाजू झुलस गए। 



महिला के पति ने बरसाए पत्थर, उपप्रधान घायल
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि इस घटना के दौरान महिला के पति ने उन पर पत्थर बरसाए जिससे उपप्रधान घायल हुआ है। उधर, सूचना मिलते ही डी.एस.पी. अम्ब जितेन्द्र चौधरी व एस.एच.ओ. अम्ब मोहन रावत ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।