पति व सास की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने उठाया खौफनाक कदम

Thursday, Jun 08, 2017 - 01:20 AM (IST)

थुरल: थुरल उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत भ्रांता के गांव साई में एक महिला द्वारा मिट्टी का तेल छिड़क कर खुद को आग लगाने का समाचार प्राप्त हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार साई गांव की रानी देवी पत्नी विपन कुमार, जो बुधवार को दिन के समय अपने ही घर पर थी। इस दौरान उसके पति विपन कुमार व सास शीला देवी ने कथित तौर पर उसके साथ झगड़ा किया तथा मारपीट भी की। इस दौरान रानी देवी ने खुद को कमरे में बंद कर लैंप में पड़े मिट्टी के तेल को छिड़क कर आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई।



महिला गंभीर हालत में टांडा अस्पताल रैफर
इस दौरान महिला की दोनों बेटियां उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल थुरल ले गईं, जहां से उसे डा. राजेन्द्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा के लिए रैफर कर दिया। टांडा अस्पताल में महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो पुलिस थाना लम्बागांव के एस.एच.ओ. अभिमन्यु शर्मा व हैड कांस्टेबल विक्रांत ने टांडा अस्पताल में पहुंच कर महिला के बयान लिए तथा धारा 498 व 34 आई.पी.सी. के तहत मुकद्दमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि थाना प्रभारी अभिमन्यु शर्मा ने की है।