पवित्र स्नान की बात कहकर घर से निकली महिला हुई गायब, रो-रो कर बच्चों का हुआ बुरा हाल

Thursday, Sep 12, 2019 - 10:43 AM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): ऊझी घाटी के बटाहर इलाके से 3 बच्चों की मां लापता हो गई है। पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। महिला नाटकीय तरीके से घर से निकली और फिर वापस घर लौटकर नहीं आई। हालांकि लोग नदी में व अन्य संगम स्थलों तथा तीर्थ स्थलों पर 20 भादो के मौके पर पवित्र स्नान करते हैं। उक्त महिला भाद्रपद माह के 21 प्रविष्टे तड़के घर से ब्यास नदी में पवित्र स्नान की बात कहकर निकली थी। घर से निकलते समय उसने अपने पति को यह भी कहा कि वह गांव की अन्य महिलाओं के साथ पवित्र स्नान के लिए जा रही है, उसके बाद महिला वापस नहीं लौटी।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पतलीकूहल थाने में महिला की गुमशुदगी की रपट दर्ज की है। महिला के कुछ कपड़े हालांकि ब्यास नदी के किनारे से बरामद हुए हैं लेकिन उसका फोन वहां पर नहीं मिला है। कपड़े भी ऐसे मिले हैं जो पूरे नहीं हैं। अब महिला की कॉल डिटेल भी पुलिस खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ छानबीन के बाद पुलिस ने पता लगाया है कि महिला नदी में नहीं गिरी है बल्कि वह कहीं चली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, महिला के माता-पिता, बहन व परिवार के अन्य सदस्य भी महिला को अपने रिश्तेदारों व अन्य जान-पहचान वाले लोगों के यहां ढूंढ चुके हैं फिर भी महिला का सुराग नहीं लग पाया है।

महिला की 2 बेटियां व एक बेटा है जिनका मां के बिना रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि महिला कहां चली गई है और उसके साथ क्या हुआ है यह महिला की बरामदगी के बाद ही पता चल सकेगा। महिला के परिजनों का कहना है कि उन्हें पुलिस विभाग पर पूरा भरोसा है कि पुलिस महिला को ढूंढ निकालेगी। उन्होंने बताया कि वे एस.पी. कुल्लू गौरव सिंह से भी इस सिलसिले में मुलाकात कर चुके हैं। एस.पी. ने कहा कि महिला की तलाश जारी है।

kirti