पुल से नाले में कूद गई महिला, पानी के तेज बहाव में लापता

Sunday, Jul 02, 2017 - 08:26 PM (IST)

चम्बा: चम्बा-तीसा मार्ग पर रविवार सुबह चांजू नाला पुल से एक महिला ने छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर नकरोड़ पुलिस चौकी से एक पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर नाले के दोनों तरफ से महिला की तलाश के लिए सर्च अभियान छेड़ा लेकिन पानी के तेज बहाब में महिला का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने चांजू नाले से कंदला तक महिला को तलाशने के लिए अभियान चलाया लेकिन घंटों मेहनत के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया। उधर, दोपहर को एस.डी.पी.ओ. सलूणी मोहिंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और उनकी देखरेख में एक बार फिर से नाले व बैरा-स्यूल नदी के किनारों पर महिला की तलाश के लिए सर्च आप्रेशन चलाया गया लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। 



रविवार सुबह पेश आया मामला
एस.डी.पी.ओ. सलूणी ने बताया कि छलांग लगाने वाली महिला की पहचान पिंकी देवी (26) पत्नी राजकुमार निवासी गांव अरियास पंचायत जसौरगढ़ के रूप में की गई है। रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उक्त महिला को पुल से नीचे नाले में छलांग लगाते हुए नाले के पास स्थित दुकान में मौजूद एक अन्य महिला ने देखा, जिसने इसके बारे में जब शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए, ऐसे में किसी तरह से यह सूचना प्रभावित परिवार तक भी पहुंच गई। इसके चलते नकरोड़ पुलिस चौकी को भी जब इसके बारे में जानकारी मिली तो पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंच कर महिला की तलाश के लिए अभियान चलाया लेकिन उक्त महिला का कोई सुराग नहीं लगा। 

ससुराल व मायके वालों से जानकारी लेगी पुलिस
पुलिस उक्त महिला के ससुराल व मायके वालों से मिलकर उक्त घटना के कारणों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास करने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि चूंकि इन दिनों नाले व नदियां उफान पर हैं, ऐसे में महिला को तलाशना सहज कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर जीवित अथवा मृत नहीं मिली तो सोमवार को एक बार फिर से प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर पुलिस नाले व नदी के किनारों पर सर्च अभियान को अंजाम देगी।