मानसिक रूप से बीमार महिला ने रावी नदी में लगाई छलांग, नहीं मिला सुराग

Wednesday, Jul 10, 2019 - 10:42 PM (IST)

चम्बा (विनोद): बुधवार को मानसिक रूप से बीमार एक महिला ने रावी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन उक्त महिला का कोई पता नहीं चल पाया। हालांकि स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने उक्त महिला को उफनती हुई रावी नदी में तलाशने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस के अनुसार बुधवार की सुबह 72 वर्षीय कंचना कुमारी पत्नी सुदर्शन कुमार निवासी गांव हत्यारी डाकघर सरोल पुराने परेल पुल के पास आई और मंदिर वाली तरफ से उसने रावी नदी में छलांग लगा दी।

महिला की तलाश में जुटी पुलिस, नहीं मिली सफलता

महिला को छलांग लगाते हुए कुछ लोगों ने देख लिया और उन्होंने इस बारे में संबंधित पंचायत प्रधान को सूचित किया। प्रधान ने सदर पुलिस थाना चम्बा को इस घटना के बारे में जानकारी दी, जिसके चलते पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला को तलाशने के लिए स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से भरपूर प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

बीते वर्ष भी किया था आत्महत्या करने का प्रयास

पुलिस ने बताया कि उक्त महिला को जानने वालों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार थी और पिछले वर्ष भी उसने आत्महत्या करने का असफल प्रयास किया था। वीरवार को फिर पुलिस रावी नदी के किनारे पर उक्त महिला की तलाश करने के लिए अभियान छेड़ेगी। मामले की पुष्टि एस.पी. चम्बा डॉ. मोनिका ने की।

Vijay