कार हादसे में घायल महिला ने टांडा अस्पताल में तोड़ा दम, मृतकाें का आंकड़ा पहुंचा 3

Wednesday, Apr 20, 2022 - 11:45 PM (IST)

चम्बा (काकू): पठानकोट-चम्बा एनएच पर हटली में हुए कार हादसे में घायल एक और महिला की मौत हो गई है। महिला ने कांगड़ा जिले में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में उपचार के दौरान दम तोड़ा है। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या अब 3 हो गई है। चुराह के बघेईकोठी क्षेत्र के संद्रोता गांव का एक परिवार अपनी कार (एचपी 44-4311) में बुजुर्ग की अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार के लिए गया हुआ था। 13 अप्रैल को हरिद्वार से वापस घर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब कार हटली में पहुंची तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से लगभग 30 फुट नीचे खेतों में जा गिरी।  हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 2 महिलाएं घायल हुई थीं। घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रैफर कर किया गया था। यहां उनका उपचार चल रहा था लेकिन बुधवार को अस्पताल में उपचाराधीन लच्छी देवी (76) पत्नी बैंसु राम की भी मौत हो गई। मामले की पुष्टि डीएसपी चम्बा अभिमन्यु वर्मा ने की है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay