पति की गोली से घायल हुई महिला ने दम तोड़ा

Monday, Jul 06, 2020 - 11:46 AM (IST)

सोलन : रविवार रात को नशे में धुत्त पति ने पत्नी पर गोली चला दी थी। गोली लगने से घायल हुई महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने पति पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक करीब 56 वर्षीय शकुंतला देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। हालांकि पहले चिकित्सकों ने महिला की हालत स्थिर होने की बात कही थी, लेकिन अचानक ही हालत बिगड़ जाने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने वारदात के कुछ देर बाद ही महिला के पति मेहर सिंह ठाकुर को हिरासत में ले लिया था।

शुरुआती जांच में यही साफ हुआ है कि नशे की हालत में पति द्वारा टोपीदार बंदूक से गोली चलाई गई थी। महिला की मौत की सूचना मिलते परवाणू के डीएसपी भी घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंच गए हैं। परवाणू के डीएसपी योगेश रोल्टा ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि आईपीसी की धारा 302 के तहत कार्रवाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने माना कि शुरुआती जांच में चिकित्सकों द्वारा महिला की हालत स्थिर बताई गई थी। गोली लगने से घायल होने के बाद महिला को धर्मपुर में प्राथमिक उपचार के बाद एमएमयू मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में शिफ्ट किया गया था। वारदात के बाद से ही समूचे इलाके में सनसनी भी फैली हुई है। गोली चलने के बाद पड़ोसी घरों से निकल आए थे।

Edited By

prashant sharma