महिला ने मकान मालिक पर लगाया जोर-जबरदस्ती करने का आरोप

Wednesday, Nov 13, 2019 - 10:16 PM (IST)

घुमारवीं (ब्यूरो): घुमारवीं शहर में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला ने मकान मालिक के खिलाफ  जोर-जबरदस्ती करने का आपराधिक मामला दर्ज करवाया है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी व्यवसायी के खिलाफ  भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए (2), 451 व 509 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। बताते चलें कि पीड़ित महिला पहले आरोपी के मकान में बतौर किराएदार रहती थी। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता का कहना है कि उसने घुमारवीं शहर में किराए पर कमरा लिया हुए था, जहां पर वह अपने बच्चों के साथ रह रही थी।

आरोपी ने एक दिन डाल दिया इज्जत पर हाथ

महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता का कहना है कि जब उसके बच्चे स्कूल चले जाते थे तब मकान मालिक उसके कमरे में आ जाता था तथा चाय आदि पी कर चला जाता था। महिला को इस बात की भनक नहीं लगी कि उसके मन में कुछ और ही चल रहा है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने एक दिन उसकी इज्जत पर हाथ डाल दिया। उसने सोचा कि हो सकता है अनजाने में ऐसी हरकत हो गई हो लेकिन उसके बाद वह उसे अक्सर तंग करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने एक महिला की लज्जा का अनादर किया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जोर-जबरदस्ती की।

मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था आरोपी

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उसे अक्सर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करता रहता था। इसी प्रताड़ना के कारण महिला ने 3 दिन पूर्व उस मकान को ही खाली कर दिया तथा अन्य किराए के मकान पर रहने लगी है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। महिला थाना प्रभारी तथा उनकी टीम ने बुधवार को घुमारवीं शहर में आरोपी के घर पर छानबीन की। पुलिस ने उस कमरे का नक्शा भी बनाया जहां पर महिला के साथ शरारत व जोर-जबरदस्ती की गई थी।

पीड़िता ने थाना प्रभारी को सौंपा ऑडियो

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने महिला पुलिस थाना प्रभारी को एक ऑडियो भी दी है जिसमें आरोपी पीड़ित महिला के साथ भद्दी भाषा में बातचीत कर रहा है। अब पुलिस पीड़ित महिला का मैजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवाने जा रही है। एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से तहकीकात कर रही है।

Vijay