मायके जाने के लिए घर से निकली थी महिला, सतलुज नदी में मिली लाश

Saturday, Feb 18, 2017 - 11:51 PM (IST)

घुमारवीं: बिलासपुर सदर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले भोली गांव की रहने वाली एक महिला का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में सतलुज नदी से बरामद हुआ है। शनिवार देर शाम कंदरौर के पास बहते शव को आसपास के लोगों ने देखा तो घुमारवीं पुलिस को सूचित किया। एस.एच.ओ. घुमारवीं शेर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने नदी से महिला के शव को निकालकर घुमारवीं अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। प्रथम दृष्टया से यह मामला आत्महत्या का दिख रहा है लेकिन पुलिस मामले में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कारवाई करेगी। 

शनिवार सुबह भाई को किया था फोन
एस.एच.ओ. घुमारवीं शेर सिंह ने बताया कि जुखाला गसौड़ के रहने वाले कृष्णु राम ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसकी पत्नी रोशनी देवी शनिवार सुबह घर से मायके के लिए निकली थी। इसके लिए उसने अपने भाई को भी फोन किया था कि वह उसे लेने के लिए आए लेकिन दिन भर रोशनी देवी का कोई पता नहीं चलने पर परिवार के लोग परेशान रहे। 

सिहड़ा बंदला में है महिला का मायका
इस बीच शाम को घुमारवीं पुलिस को सूचना मिली की एक महिला का शव कंदरौर पुल के पास घुमारवीं पुलिस स्टेशन के दायरे वाले इलाके में सतलुज नदी में पड़ा है। पुलिस ने जब शव को निकाला तो रोशनी देवी के परिजनों को सूचित किया। रोशनी का मायका सिहड़ा बंदला में है। उसके 2 बेटे हैं। कृष्णु ने बताया कि वह 4-5 दिनों से घर पर नहीं था। फिलहाल पुलिस परिवार के लोगों से जानकारी जुटा रही है।