महिला को अनजान युवक से मदद लेना पड़ा महंगा, चुकानी पड़ी यह कीमत

Wednesday, Jul 12, 2017 - 08:09 PM (IST)

सुजानपुर: बुधवार को सुजानपुर में एस.बी.आई. के ए.टी.एम. से एक अनजान लड़के ने धोखाधड़ी से खाता नंबर 35969617659 से 1,18,500 रुपए की राशि निकालकर शहर में सनसनी फैला दी है। दीपिका शर्मा पत्नी अश्विनी कुमार निवासी गांव डली (कुहण) तहसील जयसिंहपुर (जिला कांगड़ा) ने सुजानपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने ससुर ठाकुर दास एवं भतीजी प्रियंका शर्मा के साथ डली से सुजानपुर बाजार में जरूरी सामान खरीदने के लिए आई हुई थी। उसने बताया कि चौगान के सामने लगे ए.टी.एम. से उसने अपने ए.टी.एम. कार्ड से 1500 रुपए निकाले तो वहां ए.टी.एम. के अंदर एक अनजान लड़का पहले से ही खड़ा था। जब वह ए.टी.एम. से बाहर की तरफ  चली तो उस अनजान लड़के ने कहा कि आपने अपने खाते की स्टेटमैंट क्यों नहीं ली, स्टेटमैंट लेना जरूरी है, नहीं तो खाते से पैसे कट जाते हैं। 

लड़के ने धोखे से बदला ए.टी.एम. कार्ड 
उसके कहने पर उसने अपना ए.टी.एम. कार्ड वहां डाला परंतु स्टेटमैंट नहीं निकली। उसके बाद उस लड़के ने उससे ए.टी.एम. कार्ड ले लिया और स्टेटमैंट निकालकर दे दी। इसी दौरान उस लड़के ने उसका ए.टी.एम. कार्ड बदल दिया परंतु उसे पता नहीं चला। उसके बाद वह ससुर व भतीजी के साथ शहर में घूमने चली गई। तभी उसके पति अश्विनी कुमार जोकि फौज में है व आजकल पंजाब (भटिंडा) में तैनात है, उसने दोपहर करीब 1 बजे फोन पर उसे बताया कि उसके मोबाइल पर मैसेज आया है कि उसके अकाऊंट से 38,500 रुपए निकाले गए हैं। उसके बाद दोबारा पति ने फोन किया कि बैंक में जाकर पता करो।

बैंक में पता किया तो पैरों तले खिसक गई जमीन 
जब उसने एस.बी.आई. बैंक में इस निकासी के बारे में पता किया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उस अनजान लड़के ने उसके खाते से 1,18,500 रुपए निकाल लिए थे। मामले के बारे में सुजानपुर थाना के प्रभारी सुरेंद्र धीमान ने बताया कि धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज हुई है। सी.सी.टी.वी. फुटेज चैक किए जा रहे हैं। धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है तथा शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।