महिला ने एक साथ दिया 3 बच्चों को जन्म, परिवार मान रहा देवीय चमत्कार

Thursday, Dec 28, 2017 - 06:30 PM (IST)

सोलन: क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में वीरवार को एक महिला ने एक साथ 3 बच्चों को जन्म दिया। इनमें 2 बेटियां और एक बेटा है। परिवार के लोग इसे भगवान का आर्शीवाद व देवीय चमत्कार मान रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिरमौर के नैना टिक्कर के समीप देवकोटी गांव के रामकिशन की पत्नी नेहा शर्मा को प्रसव पीड़ा के चलते क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। नेहा ने वीरवार सुबह करीब 9 बजे 3 स्वस्थ शिशुओं को जन्म दिया। तीनों बच्चे नार्मल डिलीवरी से पैदा हुए हैं। इससे पहले भी रामकिशन व नेहा का एक 3 वर्षीय बेटा है।

अल्ट्रासाऊंड में आए थे ट्विन्स 
रामकिशन ने बताया कि इससे पहले उन्होंने करीब 4-5 बार अल्ट्रासाऊंड भी करवाया था। इसमें उन्हें बताया गया था कि नेहा के पेट में 2 बच्चे हैं। उन्हें पहले पता लग चुका था कि 2 बच्चों का जन्म होगा, लेकिन वह उस समय दंग रह गए जब उन्हें पता चला कि 3 बच्चों का जन्म हुआ है। भगवान की इच्छा से दो बेटियां और एक बेटा और हुआ है, इससे उनका  परिवार खुश है। 

बहुत कम देखने को आते हैं ऐसे मामले 
क्षेत्रीय अस्पताल के गाइनीकोलोजिस्ट डा. ललित महाजन ने बताया कि 2 से अधिक बच्चे पैदा होने के मामले बहुत कम सामने आते हैं।  वीरवार को महिला ने नार्मल डिलिवरी से 3 बच्चों को जन्म दिया है जो सभी स्वस्थ हैं, इनमें 2 बेटियां व एक बेटा है।