महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ.त, पिता की शिकायत पर पति गिरफ्तार

Friday, Feb 16, 2024 - 12:30 AM (IST)

पालमपुर (भृगु): पुलिस थाना पालमपुर के अंतर्गत एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान नसीब राणा (37) पत्नी चंदन राणा के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि महिला की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हुई है। यद्यपि महिला ने जहरीला पदार्थ किन परिस्थितियों में निगला, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने इस प्रकरण में मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण को लेकर परिजनों तथा अन्य लोगों ने बड़ी संख्या में थाना पालमपुर पहुंचकर रोष जताया। लोगों का आरोप है कि आरोपी अपनी पत्नी को कथित रूप से तंग करता था तथा उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। ऐसे में इसकी गहनता से जांच की आवश्यकता है।

पुलिस के अनुसार महिला की 14 फरवरी को मौत हो गई। मृतका के पिता जसवंत सिंह निवासी लाहड़ू मूंढी ने पुलिस में दिए बयान में कहा कि उनकी बेटी को उसका पति तंग करता था तथा उसने उसे आत्महत्या के लिए विवश किया है, जिस पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 306, 506 व 34 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आंरभ की है। वहीं आरोपों के घेरे में आए चंदन राणा को गिरफ्तार कर लिया है। 

नसीब राणा का विवाह वर्ष 2009 में चंदन राणा के साथ हुआ था। उनके के दो बच्चे हैं। आरोपी चंदन राणा पुलिस विभाग में ही कार्यरत है। फिलहाल इस प्रकरण में एक ही गिरफ्तारी हुई है। उधर, मृतका का पंचनामा करवा शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटनास्थल पर फोरैंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची तथा सारी स्थिति की समीक्षा की। वहीं डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay