दर्दनाक हादसा : भरभरा कर गिरी रसोईघर की दीवार, महिला की मौत

Sunday, Mar 07, 2021 - 09:18 PM (IST)

घुमारवीं (कुलवंत): विकास खंड घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत बकरोआ के बल्लू बाणी गांव में रविवार को दीवार गिरने से एक 28 वर्षीय विवाहित महिला की मौत हो गई। ग्राम पंचायत बकरोआ प्रधान कमलेश कुमारी ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार हादसा उस समय पेश आया जब रविवार शाम बीपीएल परिवार से संबंधित 28 वर्षीय महिला निशा देवी पत्नी संजू कुमार जर्जर रसोईघर के समीप कार्य कर रही थी तो अचानक इस रसोई की एक दीवार उस पर गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिविल अस्पताल घुमारवीं ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं घुमारवीं थाना पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत प्रधान कमलेश कुमारी ने पंचायत के अन्य प्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल का दौरा करने के उपरांत बताया की मृतका अपने पीछे 8 वर्षीय बालिका व 5 वर्षीय बालक को छोड़ गई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कल सोमवार को करवाया जाएगा। इस दुखद हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उधर, ग्राम पंचायत प्रधान कमलेश कुमारी ने पीड़ित परिवार को तुरंत फौरी राहत उपलब्ध करवाए जाने की मांग की है।

Content Writer

Vijay