दर्दनाक हादसा, नदी पार करते समय तेज बहाव में बहकर महिला की मौत...300 मीटर दूर मिला शव

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 10:53 AM (IST)

Sirmaur News : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां पर नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवनी का है। मृतका की पहचान देवनी निवासी गुलजार की पत्नी अनवरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम लगभग 4:00 बजे अनवरी अपनी बहू के साथ मारकंडा नदी पार कर रही थी। पानी का स्तर और बहाव अधिक होने के कारण दोनों ने सुरक्षा के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़ा हुआ था। इसी दौरान तेज बहाव के कारण दोनों का संतुलन बिगड़ गया और अनवरी देवी तेज धारा में बह गई। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, शाम लगभग 6:30 बजे घटनास्थल से करीब 200 से 300 मीटर आगे महिला का शव बरामद हुआ। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma