अस्पताल में भर्ती महिला ने पुलिस के समाने किया चौंकाने वाला खुलासा, पढ़ें खबर

Saturday, Aug 25, 2018 - 04:06 PM (IST)

मंडी (कुलभूषण): गोहर उपमंडल के धरवार (देवीदहड़) की महिला ने पति, सास व ननद पर जान से मारने का मामला दर्ज करवाया है। धरवार (देवीदहड़) की पीड़ित महिला ने कहा कि उसकी सास लुदरा देवी व ननद लीला देवी द्वारा 3 बार जहर खिलाने की कोशिश की गई है। शुक्रवार को पुलिस ने अस्पताल जाकर महिला के बयान दर्ज किए। पीड़ित महिला के मामा सोमदत्त ने कहा कि उनकी भांजी की शादी एक साल पहले मोहन लाल से हुई थी, जिसके बाद से उसे दहेज के लिए तंग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे गोहर पुलिस थाना में भी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है लेकिन अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, जिस कारण अब वह अस्पताल में आकर महिला को तंग कर रहे हैं और उसे जान से मारने की कोशिश कर रहे हैं।

सास व ननद ने 15 अगस्त को दिया था जहर
महिला ने कहा कि उसकी सास व ननद ने उसे जान से मारने के लिए 15 अगस्त को जहर दिया था लेकिन गांव वालों की मदद से उसकी जान बच गई और अब वह जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है लेकिन उसका पति मोहनलाल उसे अस्पताल में भी जान से मारने के लिए पहुंच गया। बुधवार रात को महिला का पति अस्पताल में किसी अन्य व्यक्ति के साथ आया और महिला का गला दबाकर उसकी जान लेने की कोशिश की।

अस्पताल में सिक्योरिटी की नहीं उचित व्यवस्था
दीपक कुमार ने कहा कि अस्पताल में सिक्योरिटी व्यवस्था बिल्कुल भी सही नहीं है, जिस कारण यहां पर महिला को मारने उसका पति 2 दिन में 3-4 बार पहुंच गया। वहीं अन्य लोगों ने भी कहा कि यहां पर सिक्योरिटी गार्ड केवल मरीजों से मिलने वाले तीमारदारों को बाहर रोकते हैं लेकिन यदि ऐसी कोई घटना घटती है तो सिक्योरिटी गार्ड वहां पर मौजूद नहीं होते हैं, जिस कारण यहां तो कोई भी व्यक्ति अंदर दाखिल होकर किसी के साथ भी मारपीट की घटना को अंजाम दे सकता है, वहीं रात को भी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड न होने के कारण यहां पर परेशानी आती है।

क्या कहते हैं अस्पताल के अधिकारी
जोनल अस्पताल मंडी के एम.एस. डा. के.एस. मल्होत्रा ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड रात को कम होते हैं लेकिन इस घटना बारे वीरवार को पुलिस को भी सूचना दी गई थी। महिला अस्पताल में उपचाराधीन है।

क्या कहती है पुलिस
वहीं एस.पी मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर उसके पति, सास व ननद के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर ली गई है। इसकी जांच चल रही है और जल्द आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

Vijay