साहब! 9 साल से नहीं भेजा मायके, ससुराल पक्ष करता है मारपीट

Thursday, Jun 06, 2019 - 11:37 PM (IST)

धर्मशाला (नवीन): साहब! 9 साल से मुझे मायके नहीं भेजा है। ससुराल पक्ष मुझसे मारपीट करता है। धर्मशाला के एक गांव से पीड़िता ने महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। परिजनों के साथ आई पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब 9 साल पहले कांगड़ा के एक गांव में हुई थी। 9 साल में एक बार भी वह अपने मायके नहीं जा पाई है। जब भी वह मायके जाने की बात करती है तो उससे मारपीट की जाती है। पीड़िता के भाई के अनुसार जब वह अपनी बहन से मिलने कांगड़ा गए तो उनसे भी मारपीट की गई। पीड़िता के 2 बेटे हैं।

अकेले नहीं जाने दिया जाता घर से बाहर

पीड़िता के अनुसार जब भी वह कहीं घर से बाहर जाती तो ससुराल का कोई न कोई व्यक्ति साथ जाता था। उसे कहीं भी अकेले नहीं जाने दिया जाता, जिससे वह काफी परेशान है। उसने इस संदर्भ में अपने पति से भी बात की लेकिन पति ने भी इस पर कोई सकारात्मक रुख नहीं अपनाया। पीड़िता व उसके परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वीरवार को पीड़िता का पति भी महिला पुलिस थाना में मौके पर मौजूद था। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात पुलिस के समक्ष रखी। उधर, ए.एस.पी. दिनेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है तथा छानबीन जारी है।

Vijay