घर से मंदिर के लिए निकली महिला ने सतलुज नदी में छलांग लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2020 - 05:37 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): शिमला के तहत आने वाले क्षेत्र सुन्नी के थली पुल से एक महिला ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी, जिससे महिला की मौत हो गई है। मृतक महिला (53) गांव पांगणा करसोग की रहने वाली थी। महिला ने यह कदम क्यों उठाया है, इसके कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 12 बजे लोगों द्वारा सुन्नी थाना में पुलिस को फोन पर सूचना दी गई कि किसी महिला ने सतलुज में छलांग लगा दी है।

सूचना मिलते ही सुन्नी थाना से थाना प्रभारी पुलिस दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां महिला सतलुज में बहती हुई दिखाई दे रही थी। थाना प्रभारी ने मौके पर उपस्थित स्थानीय कश्ती वालों की मदद से महिला को पानी से बाहर निकाल कर सुन्नी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पहले महिला की शिनाखत नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने जब महिला के फोटो व्हाट्सएप में लोगों को भेजे तो एक रिश्तेदार ने महिला की पहचान की। इसके बाद महिला के पति और बेटा थाने में पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

पुलिस की पूछताछ में मृतका के पति ने बताया कि घर पर कोई ऐसा विवाद नहीं था कि वह छलांग लगाकर आत्महत्या करती। महिला अपने पीछे 3 बच्चे छोड़ गई है, जिनमें 2 लड़कियां और एक लड़का शामिल है। एक बेटी की शादी अक्तूबर में होनी है। बताया जा रहा है कि महिला हर रोज सुबह के समय घर से कुछ दूरी पर स्थित मंदिर जाती थी। बुधवार को भी वह घर से मंदिर जाने के लिए ही निकली थी लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि वह नदी के किनारे पर कैसे पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा सुन्नी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि एसपी शिमला ओमापति जम्वाल ने की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News