महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर उठाया खौफनाक कदम, परिजनों के उड़े होश

Tuesday, Sep 17, 2019 - 05:44 PM (IST)

हरिपुर (गगन): कांगड़ा जिला के पुलिस थाना क्षेत्र हरिपुर के अंतर्गत आते नौशहरा गांव में एक महिला द्वारा फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उक्त गांव की एक महिला (26) ने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने कमरे का दरवाजा बंद करके इस घटना को अंजाम दिया है। मंगलवार सुबह जब महिला ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को इस पर संदेह हुआ।

खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसी पुलिस

इस बारे में जब पुलिस थाना हरिपुर में सूचना दी गई तो थाना प्रभारी त्रिलोचन सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर जब कमरे की पीछे जाकर रोशनदान से देखा तो महिला दरवाजे के साथ फंदे पर लटकी हुई नजर आई। पुलिस जब पंचायत प्रधान व मायके पक्ष के सामने दरवाजे के साथ लगी खिड़की की ग्रिल को तोड़कर अंदर गई तो वहां पर महिला मृत अवस्था में पाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार करते हुए पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया है।

2 वर्ष पहले ही हुई थी शादी

देहरा पुलिस थाना का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे डी.एस.पी. ज्वालामुखी तिलक राज भी मौके पर पहुंचे थे तथा घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि महिला के मायके पक्ष की ओर से किसी के ऊपर शक व्यक्त नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला का विवाह लगभग 2 वर्ष पूर्व ही हुआ था।

Vijay