मैड़ी में शीश नवाने आई सोलन की महिला ने जंगल में फंदा लगाकर दी जान

Thursday, Jul 18, 2019 - 04:57 PM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत धार्मिक स्थल मैड़ी के एक जंगल में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला करीब 3 दिन से लापता थी और कथित रूप से मानसिक तौर पर परेशान थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह सूचना मिली कि मैड़ी में एक महिला का शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। महिला की पहचान रेखा रानी (26) पत्नी विजय कुमार निवासी सुमोल (धर्मपुर) सोलन के रूप में की गई है।

परिवार के साथ मैड़ी स्थित धार्मिक स्थल में आई थी महिला

बताया जा रहा है कि उक्त महिला अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मैड़ी स्थित धार्मिक स्थल में शीश नवाने आई हुई थी। गत सोमवार रात्रि वे एक सराय में ठहरे हुए थे। इस दौरान रात को वह उठकर बाहर गई लेकिन वापस नहीं लौटी। पारिवारिक सदस्य उसे दिन-रात मैड़ी क्षेत्र में तलाश कर रहे थे लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थक-हारकर उन्होंने पुलिस थाना अम्ब में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।

व्यक्ति ने जंगल में शव देखकर पुलिस को दी सूचना

वीरवार सुबह एक व्यक्ति ने जंगल में शव को देखा और इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को दी। बताया जा रहा है कि मौके पर महिला द्वारा एक पेड़ की टहनी से दुपट्टे से फंदा लगाया हुआ पाया गया है। हालांकि बाद में टहनी टूट गई थी और शव टहनी सहित जमीन पर पड़ा हुआ था। वह अपने पीछे 4 माह का बच्चा छोड़ गई है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने फिलहाल सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों के सुपुर्द कर दिया है।

Vijay