South Korea में विंटर ओलिंपिक का आगाज, हिमाचली गबरूओं ने फहराया तिरंगा

Friday, Feb 09, 2018 - 07:44 PM (IST)

मनाली: शुक्रवार को साऊथ कोरिया में शीतकालीन ओलिंपिक का विधिवत आगाज हो गया। मनाली के शिवा केशवन ल्यूज खेल में जबकि सेना के जगदीश स्कीइंग में भारत का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने छठी बार इन खेलों में तिरंगा फहराया। शिवा केशवन को पहली बार केंद्र सरकार से मदद मिली है, जिस कारण उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, जिससे ल्यूज प्रतियोगिता में भारत की उम्मीद बढ़ गई है जबकि स्कीइंग खिलाड़ी जगदीश भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरे हैं। 

शिवा को मिल चुका है सबसे तेज गति का ल्यूजर होने का खिताब   
3 बार एशियार्ड विजेता रहे शिवा केशवन ने इस बार एशिया का सबसे तेज गति का ल्यूजर होने का खिताब भी अपने नाम किया है। मनाली व प्रदेश से कोई भी स्कीयर ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया है। मनाली की आंचल ठाकुर, एलविन ठाकुर और हिमांशु ठाकुर से घाटी को उम्मीद थी लेकिन वे उम्मीद पर खरा नहीं उतर पाए हैं। देश भर से मात्र 2 खिलाड़ी ही शीतकालीन ओलिम्पिक में पहुंच पाए हैं। 

भारत को स्वर्ण दिलाना रहेगी प्राथमिकता 
शिवा केशवन ने फोन पर बताया कि शीतकालीन खेल का शुक्रवार को विधिवत आगाज हो गया। इस बार देवताओं के आशीर्वाद के साथ व केंद्र सरकार के सहयोग संग आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरे हैं। शिवा ने कहा कि इस बार भारत को स्वर्ण दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। विंटर गेम्स फैडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष रूप चन्द नेगी ने कहा कि देश के दोनों महान खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरे हैं। उधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी हैं।