90 हजार की रिश्वत लेते वाइल्ड लाइफ गार्ड रंगे हाथों गिरफ्तार

Tuesday, Apr 09, 2019 - 11:24 PM (IST)

धर्मशाला (नरेश): नॉर्थ जोन विजीलैंस टीम धर्मशाला ने नगरोटा सूरियां क्षेत्र में वाइल्ड लाइफ  गार्ड से 90 हजार रुपए की रिश्चत बरामद की है। इस रिश्वत के मामले में कई लोगों के संलिप्त होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। इसके चलते विजीलैंस की टीम जांच में पूरी तरह से जुट गई है। मामले को लेकर विजीलैंस नॉर्थ जोन धर्मशाला कार्यालय के डी.एस.पी. रणधीप सिंह की अगुवाई में टीम गहनता से जांच कर रही है।

मजदूरों के पैसों पर डाल रहा था डाका

मिली जानकारी के अनुसार वाइल्ड लाइफ  विभाग में बड़े भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। विभाग द्वारा विभिन्न कार्यों को करवाने के लिए वाइल्ड लाइफ  के अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से कार्य करवाए जाते थे। इसके चलते उक्त आरोपी वाइल्ड लाइफ  गार्ड ने अपने स्तर पर ही कई मजदूर लोगों को कार्य करने वाले के रूप में दर्शाया था। इसके बाद विभाग के लाखों रुपए के बजट को ऑनलाइन ही मजदूरों के खाते में ट्रांसफर किया जाता था लेकिन उक्त गार्ड द्वारा मजदूरों के खाते से पैसे निकलवाकर खुद प्राप्त कर लिए जाते थे, उन्हें नाममात्र के पैसे देकर अपना काम चला रहा था।

एक शिकायतकर्ता ने दी थी शिकायत

इस तरह के कई मामलों में से एक शिकायतकर्ता ने विजीलैंस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके आधार पर ही विजीलैंस टीम ने भ्रष्टाचार के मामले को पकडऩे के लिए जाल बिछाया। इसमें शिकायतकर्ता के बैंक खाते से निकाले गए 90 हजार रुपए अवैध रूप से गार्ड रमेश कुमार लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

कई मामलों में भी संलिप्तता होने की सूचना

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस तरह से नगरोटा सूरियां क्षेत्र में कई मामलों में भी संलिप्तता होने की सूचना मिल रही है। इसके चलते ही विजीलैंस टीम ने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। उधर, डी.एस.पी. विजीलैंस नॉर्थ जोन धर्मशाला के एस.पी. अरुल कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर नगरोटा सूरियां में भ्रष्टाचार के मामले में 90 हजार रुपए रंगे हाथों आरोपी से पकड़े हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की छानबीन जारी है।

 

Vijay