दांपत्य जीवन में आई कड़वाहट हुई हावी, पत्नी ने ही खोल दिया पति की हेराफेरी का राज

punjabkesari.in Wednesday, Jul 17, 2019 - 09:37 PM (IST)

बिलासपुर: दांपत्य जीवन में आई कड़वाहट इतनी हावी हो गई कि पत्नी ने अपने ही पति द्वारा वर्षों पहले की गई कथित हेराफेरी का खुलासा कर दिया। दोनों के बीच पैदा हुई खाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पति द्वारा कथित हेराफेरी की शिकायत करने के लिए पत्नी ने पुलिस का दरवाजा खटखटा दिया। बहरहाल महिला की शिकायत पर झंडूता पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

ट्रेनिंग के दौरान व्यक्ति ने किसी और से दिलवाया था कंपार्टमैंट का पेपर

जानकारी के अनुसार झंडूता क्षेत्र के एक व्यक्ति की शादी मंडी जिला की एक लड़की से हुई थी। उस समय उक्त व्यक्ति फौज में था। सूत्रों के अनुसार शादी के बाद उसने अपनी पत्नी को राज की कुछ बातें भी बताईं। उसने कहा था कि जमा-2 की परीक्षा में उसे कंपार्टमैंट आई थी। उसी दौरान वह फौज में भर्ती हुआ था और ट्रेनिंग पीरियड होने के कारण वह कंपार्टमैंट की परीक्षा देने नहीं आ पाया था। उसने किसी और से वह पेपर दिलवाया था।

12वीं के प्रमाण पत्र पर हासिल की पटवारी की नौकरी

सेना से रिटायर होने के बाद उक्त व्यक्ति ने उसी 12वीं कक्षा के प्रमाण पत्र के आधार पर पटवारी की नौकरी भी हासिल कर ली। हालांकि उक्त सभी बातें पति-पत्नी के बीच हुई थीं और यह बात भी वर्षों पुरानी है लेकिन आपसी मनमुटाव ने इस राज को सार्वजनिक कर दिया।

पति-पत्नी के संबंधों में काफी समय पहले आ चुकी थी खटास

बताया जा रहा है कि पिछले काफी समय से पति-पत्नी के संबंधों में खटास आ चुकी थी। बात यहां तक पहुंच गई कि पत्नी ने वर्षों पहले कथित तौर पर की गई हेराफेरी से पर्दा हटा दिया। उसने झंडूता थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके पति ने जमा-2 कक्षा के जाली प्रमाण पत्र से पटवारी की नौकरी हासिल कर ली। वहीं ए.एस.पी. बिलासपुर भागमल ठाकुर ने बताया कि झंडूता थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News