पत्नी पर किया तेजधार हथियार से हमला, आरोपी पति फरार
punjabkesari.in Wednesday, Jun 09, 2021 - 01:41 PM (IST)

चुवाड़ी (पुनीत शर्मा): जिले के सिहुंता क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समोट पहुंचाया गया। यहां पर महिला का उपचार चल रहा है। आरोपी पति फरार है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला सिहुंता के छलाड़ा गांव का है जहां 61 वर्षीय व्यक्ति ने विवाद के चलते अपनी पत्नी को चाकू मार कर घायल कर दिया। आरोपी ने चाकू के 2 से 3 वार महिला पर किए जिसमें उसकी उंगलियों समेत चेहरे आदि पर चोट आई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। इसके चलते उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। हालांकि इस हमले में महिला को गंभीर चोट नहीं आई है तथा उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दंपति के 3 बच्चों की शादियां हो चुकी हैं।
उधर, पुलिस थाना चुवाड़ी में आरोपी पति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। पुलिस फाईल में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उक्त 50 महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार रात को जब वो टी.वी. देख रही थी तो रात करीब नौ बजे उसके पति ने चाकू से उस पर दो बार हमला किया। इसके बाद उसकी बहू ने घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट पहुंचाया। उधर, डी.एस.पी. डल्हौजी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला पर चाकू से करीब 2 वार किए गए हैं। फरार हुए आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस जुट गई है तथा उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला की हालत स्थिर है।