जनता के सवालों से क्यों भाग रही भाजपा : राजेंद्र राणा

punjabkesari.in Thursday, Dec 16, 2021 - 06:00 PM (IST)

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस आलाकमान द्वारा कोऑर्डिनेटर लगाए गए सुजानपुर के विधायक व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने वार्ड नंबर 27 के सेक्टर 40 सी में कांग्रेस प्रत्याशी गुरबक्स रावत के समर्थन में चुनावी जनसभा की। उन्होंने कहा कि पिछले 6 साल से चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता पर काबिज भाजपा ने चंडीगढ़ की बेहतरी के लिए प्रयास किए होते और अपने वायदों को अमलीजामा पहनाया होता तो आज देश के कई मुख्यमंत्रियों सहित बड़े नेताओं की फौज को चंडीगढ़ की गलियों में वोट मांगने के लिए खाक नहीं छाननी पड़ती। चंडीगढ़ की जनता जब भाजपा नेताओं से सवालों की बौछार कर रही है तो भाजपा नेता बगले झांक रहे हैं और सवालों से भाग रहे हैं। 

राणा ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता का पहला सीधा सवाल यह है कि हमेशा स्वच्छता की रैंकिंग में देश में पहले तीन स्थानों पर रहने वाला चंडीगढ़ भाजपा शासन के दौरान राष्ट्रीय रैंकिंग में खिसक कर 66वें स्थान पर कैसे पहुंच गया ? इसके लिए कौन जिम्मेदार है ? इसके अलावा चंडीगढ़ की जनता यह जानना चाहती है कि बिजली विभाग की करोड़ों की संपत्ति को प्राइवेट हाथों में किस लिए दिया जा रहा है और बिजली विभाग के प्राइवेटाइजेशन की हिमायत भाजपा क्यों कर रही है जबकि बिजली विभाग घाटे की बजाय फायदे में चल रहा है। पिछले 6 सालों के दौरान चंडीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में पानी और सीवरेज के बिल 3 गुना करने का कारनामा कर दिखाने के बावजूद भाजपा नेता किस मुंह से जनता से वोट मांगने निकले हैं। 

राणा ने कहा कि वर्ष 2016 में भाजपा ने जिन 25 वायदों का घोषणा पत्र जारी किया था और चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता हासिल की थी, उनमें से 8 वायदे पूरे बाकी अधूरे जनता इनका जवाब जानना चाहती है। जनता वादाखिलाफी का देगी करारा जवाब। सड़कों का जो हाल भाजपा कार्यकाल में हुआ वह कभी नहीं हुआ 1 साल पहले तक तो सड़कों के मरम्मत के लिए भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम के पास फंड तक नहीं था। लोगों का गुस्सा फूटने के बाद प्रशासन के साथ मिलकर निगम ने किसी तरह सड़कों की मरम्मत करवाई। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में स्वच्छता की हालत आज भी खस्ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से चंडीगढ़ की जनता यह जानना चाहती है कि 6 साल से चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता पर काबिज होने और केंद्र में आपकी पार्टी की सरकार होने के बावजूद चंडीगढ़ के गौरव को नुकसान किसने पहुंचाया। राजेंद्र राणा ने कहा कि  चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में जिस तरह भाजपा ने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अपने बड़े नेताओं की फौज को गली-गली में उतारा है, उससे भाजपा की घबराहट साफ झलक रही है। भाजपा नेता भी यह जान चुके हैं कि चंडीगढ़ की जनता अब इस नगर निगम से भाजपा की विदाई तय कर चुकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News