जब लड़की वालों का खुला ये भेद तो लड़के वालों ने रोक दी शादी, पढ़ें खबर

Saturday, Nov 25, 2017 - 05:58 PM (IST)

चम्बा/ऊना: प्रदेश के ऊना व चम्बा जिला की चाइल्ड सुरक्षा इकाई के संयुक्त प्रयास रंग लाए और एक नाबालिग लड़की की शादी को समय रहते रुकवाने में उन्होंने सफलता हासिल की। इस मामले ने जहां प्रदेश में एक ओर बाल विवाह को रुकवाने का मामला सामने ला दिया है तो साथ ही दोनों जिलों की यूनिटों के प्रभारियों ने टीम वर्क का बेहतर उदाहरण भी पेश किया है। जानकारी के अनुसार 25 नवम्बर यानी शनिवार को जिला चम्बा के चुवाड़ी क्षेत्र के एक परिवार में ऊना जिला की लड़की की शादी होनी तय हुई थी। इस बारे में जैसे ही डी.सी.पी.यू. ऊना को पता चला तो उसने जिला चम्बा के डी.सी.पी.यू. के साथ संपर्क कर बताया कि चुवाड़ी से जो बारात ऊना आने वाली है उसमें जिस लड़की को दूल्हन बनाया जा रहा है वह 18 वर्ष से कम उम्र की है, ऐसे में जिला चम्बा की यूनिट लड़के वालों के साथ संपर्क करे ताकि इस शादी को समय रहते रोका जा सके।

लड़के वालों ने टाल दी शादी
सूचना मिलने पर डी.सी.पी.यू. चम्बा ने तुरंत सी.डी.पी.ओ. चुवाड़ी के साथ एस.जे.पी.यू. चुवाड़ी के साथ संपर्क किया और उन्हें पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए लड़के वालों के घर जाकर उन्हें समझाने के लिए कहा। इस पर जब उक्त टीम ने लड़के वालों के घर जाकर पूरी जानकारी दी तो लड़के वालों ने इस मामले से खुद को अंजान बताते हुए न सिर्फ इस शादी को टाल दिया बल्कि उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जब तक लड़की 18 वर्ष की नहीं हो जाती है तब तक वह अपने लड़के की शादी नहीं करवाएंगे। 

प्रशंसा के पात्र हैं लड़के वाले
जिला बाल संरक्षण इकाई चम्बा के अध्यक्ष डा. पी.के. गुप्ता ने बताया कि ऊना जिला के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने इस पूरे मामले के बारे में जानकारी दी जिसके आधार पर तुरंत प्रभावी कदम उठाए गए जिसके चलते प्रदेश में होने जा रहे एक बाल विवाह के मामले को समय रहते रोकने में सफलता हासिल की। लड़के वालों ने जिस तरह से सहयोग किया है उसके लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं।