लड़के वाले रह गए हैरान, जब शादी में पहुंचे ये बिन बुलाए मेहमान

Sunday, Oct 14, 2018 - 05:19 PM (IST)

नाहन: शादी की तैयारियां उस समय धरी की धरी रह गईं, जब चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम ने उपमंडल पांवटा साहिब में दबिश देकर एक बाल विवाह को रुकवा दिया। चाइल्ड लाइन के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि जिस लड़के की शादी करवाई जा रही है, वह नाबालिग है। जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में डीडी एंट्री करवाई, जिसके बाद पुलिस के जवानों के साथ चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर विनीता ठाकुर और उनकी टीम शादी समारोह में पहुंचे गई। बताया जा रहा है उस दौरान बरात घर से निकलने ही वाली थी।

19 साल का निकला दूल्हा
टीम ने मौके पर पहुंच कर दूल्हे का आयु प्रमाण पत्र जांचा तो पाया कि दूल्हा महज 19 साल का है। इसके बाद उसके माता-पिता की काउंसलिंग करवाई गई। काउंसलिंग के दौरान दूल्हे के अभिभावकों ने इस बात को स्वीकार किया कि शादी के लिए लड़के की उम्र कम है। लिहाजा, उन्होंने कहा कि वे लड़के की शादी 21 साल पूरे होने के बाद ही करवाएंगे।

Vijay