जब कांग्रेस ने मांगा चार साल का हिसाब तो बीजेपी ने दिया यह जवाब

Monday, Oct 29, 2018 - 12:13 PM (IST)

शिमला (योगराज): चुनावी मौसम में भाजपा और कांग्रेस ने वार पलटवार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के नजदीक आते देख केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार पर हमले तेज कर दिए है। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के सांसदों से पिछले साढ़े चार साल का हिसाब मांगा है। कांग्रेस ने भाजपा के सांसदों से पूछा है कि वे जनता को बताए कि संसद ने अब तक अपने लोकसभा क्षेत्र में क्या-क्या काम किया है और सांसद निधि से कहां कितना पैसा खर्च किया है। इसका हिसाब प्रदेश की जनता के सामने रखे। 

कांग्रेस प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा के सांसद पिछले साढ़े चार में प्रदेश में विकास काम करवाने में फैल रहे हैं। भाजपा सांसदों द्वारा आदर्श गांव योजना के तहत गोद लिए गए गांव में से कितनों का विकास हुआ है। इसकी हालात पहले जैसी ही है। भाजपा ने केवल लोगों को झूठे सपने दिखाए हैं जिसका आगामी लोकसभा चुनाव में जनता जवाब देगी। वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस के इस वार पर तीखा प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी भ्रष्टाचारी पार्टी का हिसाब मांगने का कोई औचित्य ही नहीं बनता है।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि कांग्रेस के समय में उनके प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि वे केंद्र से 1 रुपया राज्यों के विकास कार्यो के लिए भेजते थे। जिसमें से 15 पैसे गांव के लोगों तक पहुंचते थे तो कांग्रेस बताए कि 85 पैसे कौन कांग्रेसी खा जाते थे। पहले कांग्रेस लोगों को 60 साल का हिसाब दें उसके बाद भाजपा के सांसदों से साढ़े चार साल का हिसाब मांगे। भाजपा के सांसदों की सांसद निधि के पैसे की मॉनिटरिंग प्रधानमंत्री कार्यलय खुद करता है और भाजपा के सांसद प्रदेश के गांव में विकास कार्य के लिए पैसे खर्च कर रहे हैं। 

भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में जनता को एक-एक पैसे का हिसाब देगी और एक बार फिर से केंद्र में मोदी की सरकार बनाएगी। चुनावी साल में भाजपा और कांग्रेस ने एक दूसरे पर धावा बोल दिया है। आने वालों दिनों में वार पलटवार का सिलसिला और भी तेज होता नजर आएगा। अब देखना ये होगा कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता नेताओं की इस जुबानी जंग को लोग किस तरह से देखते हैं।   
 

Ekta